पुन्हाना। सोशल मीडिया पर 100-100 के नोट जलाने की वायरल वीडियो पर पिनगवां पुलिस ने देश की करेंसी जलाने पर करीब चार लोगों के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मुस्तकीम नाम के एक आरोपी को गिरफ्तार कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने अन्य आरोपियों की तलाश भी शुरू कर दी है। इस दौरान आरोपियों ने तकरीबन 10 हजार रुपये जला दिए थे।
जांच अधिकारी एंव शिकायतकर्ता सब इंस्पेक्टर सत्यनारायण ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रही थी। जिसे 12 फरवरी 2021 को सुबह 11 बजे अपलोड किया गया था। जब उसने वीडियो को गौर से देखा तो मुण्ढ़ेता निवासी मुस्तकीम पुत्र फतेह मोहम्मद तीन-चार अन्य युवकों के साथ मिलकर सौ-सौ रुपये के नोट जलाकर सरकार पर तंज कस रहे थे और देश विरोधी बातें कर रहे थे। उन्हीं लड़कों में से एक ने कहा कि दस हजार रुपये हैं इन्हें मत जलाओ, किसी गरीब को दे दो उसके काम आ जायेंगे।
उन्होने बताया कि देश की करेंसी जलाना और देश के खिलाफ गलत भाषा का इस्तेमाल करना देशद्रोह की श्रेणी में आता हैं। उन्होंने वीडियो के आधार पर मुस्तकीम निवासी मुण्ढ़ेता और तीन-चार अन्य लोगों के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज कर आरोपी मुस्तकीम को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की पहचान कर तलाश की जा रही है। आरोपी मुस्तकीम को अदालत से एक दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। जिससे उसके साथियों के नामों का खुलासा हो सके।