मकान में दरार, सदमे में बुजुर्ग की जान गई
पर्थला गांव में नियम को ताक पर पांच मंजिल का मकान बनाने से बुजुर्ग मकान में आई थी दरार
पर्थला फ्लाईओवर पर दोनों तरफ जाम लगने से भीषण गर्मी में फंसे रहे सैकड़ों वाहन चालक
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। पर्थला गांव में अवैध रूप से पांच मंजिला मकान बनने की वजह से बुजुर्ग पड़ोसी राजाराम (65) के मकान में दरार आ गई। इस वजह से सदमे आए राजाराम की हृदयगति रुकने से मौत हो गई। इससे नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार पर्थला फ्लाईओवर पर शव रखकर दोनों ओर जाम लगा दिया। ऐसे में सैकड़ों वाहन चालक भीषण गर्मी में करीब एक घंटे तक फंसे रहे। मौके पर पहुंचे एडीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी और सेक्टर-113 थाना पुलिस ने उचित कार्रवाई का भरोसा देकर जाम खुलवाया।
आरोप है कि पर्थला गांव निवासी सतीश अवैध रूप से पांच मंजिल का मकान बनवा रहा था। इससे कई पड़ोसियों को दिक्कत हो रही थी। खासकर सतीश के बगल में रहने वाले राजाराम को अधिक परेशानी हो रही थी। उन्होंने कई बार प्राधिकरण व पुलिस के आलाधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। पांच मंजिला मकान निर्माण के दौरान बुजुर्ग के मकान में दरार आ गई। वह इस सदमे को बर्दाश्त नहीं कर सके और हृदय गति रुकने से शुक्रवार को उनकी मौत हो गई। एडीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि मामला दो पड़ोसियों के मकान निर्माण के विवाद से संबंधित है। निर्माणाधीन मकान चार मंजिल तक बन चुका है। मृतक के परिजनों की ओर से पहले ही शिकायत दी गई थी। जिसमें मुकदमा पंजीकृत कर दूसरे पक्ष के आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है।
प्राधिकरण का आदेश भी दरकिनार
जाम लगाने वाले लोगों का आरोप है कि सतीश के निर्माणाधीन मकान का काम सुरक्षा के लिहाज से रुकवाने के लिए कई बार शिकायत की गई थी। पुलिस चौकी से लेकर वरिष्ठ अधिकारी और प्राधिकरण से भी शिकायत की। इस दौरान प्राधिकरण ने काम बंद करने का आदेश भी दिया था, लेकिन काम रोकने के बजाय तेजी से पूरा किया जा रहा था। ग्रामीणों ने चौकी प्रभारी को निलंबित करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।