-17 स्कूलों में काउंसलर के पद के लिए 111 उम्मीदवार हैं मैदान में
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) छात्र संघ चुनाव को लेकर अलग-अलग स्कूलों में सेंट्रल पैनल के उम्मीदवारों के अलावा काउंसलर का भी प्रचार जारी है। एक अक्तूबर तक स्कूल जनरल बॉडी मीटिंग(जीबीएम) और फिर शाम को यूनिवर्सिटी जीबीएम का आयोजन होगा।
जेएनयू छात्र संघ चुनाव में एबीवीपी को मात देने के लिए वामपंथी छात्र संगठन आइसा, डीएसएफ और एसएफआई ने संयुक्त तौर पर उम्मीदवार मैदान में उतारे है। जबकि कुछ दूसरे संगठन सेंट्रल पैनल में अलग-अलग पदों पर अकेले भी चुनाव लड़ रहे है। काउंसलर पद के उम्मीदवार स्कूल जीबीएम में अपने पक्ष में माहौल बनाने में जुटे है तो शनिवार को सेंट्रल पैनल के उम्मीदवार यूनिवर्सिटी जीबीएम में अपनी बात रखेंगे। जेएनयू में अलग-अलग 17 स्कूलों के 48 काउंसलर के पद पर 111 उम्मीदवार मैदान में है। हालांकि दो स्कूलों में एबीवीपी के काउंसलर पद के उम्मीदवार निर्विरोध चुने जा चुके है। इसमें स्कूल ऑफ लाइफ साइंसेज और स्पेशल सेंटर फॉर मॉलिक्युलर मेडिसिन शामिल है। सबसे ज्यादा उम्मीदवार काउंसलर के पद के लिए स्कूल ऑफ सोशल साइसेंज, स्कूल ऑफ इंटरनेशनल स्टडीज और स्कूल ऑफ लैंग्वेज में है।