- छात्रों को अब जर्जर भवन में बैठकर पढ़ने को नहीं होना पड़ेगा मजबूर
- राजस्थान के सरकारी स्कूल में हुए हादसे से लिया सबक
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। दादरी ब्लॉक के परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों को अब जर्जर भवन में बैठकर पढ़ने को मजबूर नहीं होना पड़ेगा। राजस्थान के सरकारी स्कूल में हुए हादसे से सबक लेते हुए बेसिक शिक्षा विभाग स्कूलों का कायाकल्प की एनटीपीसी की मदद से कराएगा।
एनटीपीसी सीएसआर की मदद से दादरी के चार स्कूलों में 52 लाख रुपये से कई कार्यों को कराने जा रहा है। इनमें भवन का मरम्मतीकरण, पेंटिंग, वाल पेंटिंग, टाइलीकरण, बच्चों को खेल कूद की सुविधा प्रदान करने परिसर में मिट्टी डलवाने का कार्य और इंटरलाकिंग व अन्य कार्य शामिल होंगे। अमर उजाला की ओर से पूरे प्रदेश में भवनों के जर्जर होने का अभियान हाल ही में चलाया गया था। जिसका संज्ञान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिया था। अब जर्जर भवनों को सही कराने की जिम्मेदारी विभाग ने उठाई है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने बताया कि योजना में एनटीपीसी दादरी के परियोजना प्रभावित गांवों के प्राथमिक और पूर्व माध्यम स्कूलों के भवनों को चुना गया है। स्कूलों के भवनों में विभिन्न निर्माण कार्य कराने के लिए सीएसआर से बजट मिला है। प्राथमिक विद्यालय ऊंचा अमीरपुर में 12.13 लाख रुपये से भवन का कायाकल्प होगा। प्राथमिक विद्यालय गुठावली के भवन के लिए 12.21 लाख रुपये और प्राथमिक विद्यालय सीदीपुर के भवन में लगभग 10 लाख रुपये के कार्य कराए जाएंगे। वहीं उच्च प्राथमिक स्कूल ऊंचा अमीरपुर में करीब 18 लाख से भवन का मरम्मतीकरण, वाल पेंटिंग, इंटरलाकिंग व अन्य कार्य कराए जाएंगे।