पूर्व केंद्रीय मंत्री बोले, लावारिस कुत्तों की वजह से बुजुर्ग और बच्चे असुरक्षित महसूस करते हैं
नोएडा। लावारिस कुत्तों की वजह से बुजुर्ग और बच्चे असुरक्षित महसूस करते हैं। नसबंदी और टीकाकरण में भारी भ्रष्टाचार है। इसमें कंपनियों का निजी स्वार्थ है। ये बातें शुक्रवार को सेक्टर-29 स्थित नोएडा मीडिया क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने कहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि यूपी के प्रमुख सचिव ने हाल में लावारिस कुत्तों के संबंध में सर्कुलर निकाला था जो सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का उल्लंघन हैं।
इस दौरान फाेनरवा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा, महासचिव केके जैन, संरक्षक त्रिलोक शर्मा, पवन यादव, विजय भाटी, सुशील यादव, अशोक मिश्रा, देवेंद्र चौहान, लाट साहब लोहिया, डीडी आरडब्ल्यूए अध्यक्ष एनपी सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजीव कुमार, नोफा अध्यक्ष राजीव सिंह, कोनरवा के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
लावारिस कुत्तों को बढ़ाने में विदेशी संगठनों का हाथ
उन्होंने कहा कि लावारिस कुत्तों को बढ़ाने में विदेशी संगठनों का भी हाथ है। उन्होंने कहा कि गौतमबुद्ध नगर की आरडब्ल्यूए, एओए और फेडरेशन के साथ मिलकर लावारिस कुत्तों से सुरक्षा के लिए शहर के लोगों के साथ मुहिम शुरू की है। उन्होंने आरोप लगाया कि लावारिस कुत्तों की नसबंदी और वैक्सीनेशन ईमानदारी से नहीं हो रहा है। इसमें भारी भ्रष्टाचार है। डॉग फीडिंग का स्थान स्थानीय निकाय व प्रशासन आबादी से दूर तय करे।