- दिल्ली पुलिस ने चेन्नई साइबर क्राइम के साथ की संयुक्त कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली के वजीराबाद में रहने वाले पति शिव नंद मौर्य और पत्नी रंजना मौर्य ने अपना बैंक खाता मेरठ के इमरान को बेच दिया था। इमरान इस बैंक खाते में ठगी की रकम मंगाता था। हाल ही में इमरान ने इस बैंक खाते में पांच लाख रुपये मंगाए थे। आरोपी ने एक लाख रुपये इस दंपति को दिए थे। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने चेन्नई साइबर क्राइम टीम के साथ मिलकर संयुक्त रूप से दंपति को गिरफ्तार कर लिया।
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त संजीव कुमार यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में ये बात सामने आई है कि इनके बैंक खाते में आरोपियों ने लगभग एक करोड़ उनहत्तर लाख रुपये की रकम को लेन-देन हुआ है। चेन्नई साइबर क्राइम की टीम ने अपराध शाखा में तैनात इंस्पेक्टर दलीप कुमार से 9 सितंबर को संपर्क किया और एक बैंक खाता धारक को गिरफ्तार करने का अनुरोध किया। इसके बाद पुलिस टीम ने दंपति को गिरफ्तार कर लिया। दंपति ने पूछताछ में बताया कि मेरठ (उत्तर प्रदेश) निवासी इमरान उन्हें जानता है। उसके कहने पर उन्होंने इमरान को रंजना मौर्य का बैंक खाता उपलब्ध कराया। उसने उसके खाते में पांच लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। यह रकम निकालकर इमरान को दे दी गई। खाते के इस्तेमाल के लिए उन्हें एक लाख रुपये दिए गए। पुलिस इनसे पूछताछ के बाद इमरान को पकडऩे के लिए मेरठ में दबिश दे रही है।