कोरोना वायरस के बढ़ते कहर को देखते हुए सीएमओ डॉ. अनुराग भार्गव ने जिले में चार टीमों को विदेशी नागरिकों और संभावित संक्रमित मरीजों की निगरानी का जिम्मा सौंपा है। चारों टीमों में 20 अफसर-चिकित्सक शामिल किए गए हैं। सभी अधिकारी एक कॉल पर दौड़े चले आएंगे। वहीं, ऑटो एक्सपो के मद्देनजर 4 में से एक टीम इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में तैनात रहेगी।
केरल में कोरोना वायरस की मौजूदगी की पुष्टि हो चुकी है। वहीं, गौतमबुद्ध नगर में चीन से आए 4 मरीजों पर विशेष नजर रखी जा रही है। नेपाल के संभावित मरीजों के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। ऐसे में सीएमओ ने विभाग के अफसरों की 4 टीमें गठित कर दी हैं। प्रत्येक टीम में 5 अफसर-चिकित्सक शामिल रहेंगे। तीन टीमें जिले में प्रवेश करने वाले विदेशी नागरिकों और संभावित मरीजों पर नजर रखेंगी। सीएमओ ने सभी अधीनस्थों से कहा है कि एयरपोर्ट, उद्योग या किसी भी सरकारी या निजी क्षेत्र से कोरोना वायरस को लेकर फोन आए तो टीम के सदस्य तत्काल संबंधित जगह पर पहुंचकर उनसे संपर्क करेंगे। इस दौरान लापरवाही बरतने वाले अफसरों और चिकित्सकों पर कार्रवाई भी तय है।
सुबह 10 बजे ऑटो एक्सपो में बैठक
ऑटो एक्सपो में काफी संख्या में विदेशी पहुंचेंगे। ऐसे में एक्सपो सेंटर स्वास्थ्य के नजरिये से बेहद संवेदनशील माना जा रहा है। इसी को देखते हुए सीएमओ के नेतृत्व में मंगलवार सुबह 10 बजे ऑटो एक्सपो में बैठक की जाएगी। वहां मौजूद कर्मचारियों, कारोबारियों और विदेशियों को कोरोना वायरस से बचाव, उपचार के प्रति जागरूक भी किया जाएगा।
कोरोना वायरस पर काबू पाने के लिए 4 टीमें बनाईं हैं। प्रत्येक टीम में 5 अफसर-चिकित्सक रहेंगे। जिले में चीन से आने वाले चौथे व्यक्ति की जानकारी मिली है। उसका स्वास्थ्य परीक्षण चल रहा है।
- डॉ. अनुराग भार्गव, सीएमओ
इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 5 फरवरी से शुरू होने वाले ऑटो एक्सपो-2020 में इस बार 70 से अधिक वाहनों से पर्दा उठेगा। एक्सपो में कुल 104 ऑटो मोबाइल कंपनियां इन्हें कांसेप्ट, फेसलिफ्ट और लांच करेंगी। वहीं, ऑटो एक्सपो की थीम इस बार ‘एक्सप्लोर द वर्ल्ड मोबिलिटी’ रखी गई है। इसमें क्लीन एंड ग्रीन फ्यूल (इलेक्ट्रिक और बीएस-6) वाहनों को तवज्जो दी गई है। यह जानकारी सोमवार को प्रेसवार्ता में मारुति सुजुकी के उपाध्यक्ष कारपोरेट संजीव हांडा और सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटो मोबाइल मैन्यूफैक्चर्स (सियाम) के वरिष्ठ निदेशक देवाशीष मजूमदार ने दी।
संजीव हांडा ने बताया कि 5 और 6 फरवरी को मीडिया और कारपोरेट के लिए वाहनों को पेश किया जाएगा। 6 फरवरी की शाम सड़क एवं परिवहन केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल औपचारिक उद्घाटन करेंगे। एक्सपो में कुल दो लाख 35 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में से 51 हजार वर्गमीटर इंडोर बिल्टअप क्षेत्र में कंपनियां अपने वाहन पेश करेंगी। इसके अलावा कंपोनेंट के लिए प्रगति मैदान में 6 से 9 फरवरी तक प्रदर्शनी लगेगी। देवाशीष मजूमदार ने बताया कि एक्सपो में बीएस-6, इलेक्ट्रिक और हाईब्रिड वाहनों पर ही जोर दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस समय मंदी की मार झेल रहे ऑटो मोबाइल सेक्टर में यह ऑटो एक्सपो ‘5 रिवाइवल लांचिंग पैड’ साबित होगा।
7 फरवरी से आम जनता को प्रवेश
ऑटो एक्सपो में 7 फरवरी सुबह 11 बजे से आम जनता को प्रवेश मिलेगा। इसमें 18 वर्ष से कम आयु वाले किशोरों को प्रवेश नहीं मिलेगा। 8 से 12 फरवरी के बीच सुबह 10 से शाम 7 बजे तक प्रदर्शनी में वाहनों का दीदार किया जा सकता है। जबकि साप्ताहिक अवकाश में रात 8 बजे तक प्रदर्शनी में वाहनों को देख सकेंगे।
मेट्रो स्टेशनों पर मिलेंगे टिकट
आम जनता को गेट नंबर एक, दो, तीन और पांच से प्रवेश मिलेगा। वहीं, नोएडा के सेक्टर-51, सेक्टर-137, ग्रेटर नोएडा में नॉलेज पार्क, दिल्ली में मंडी हाउस, हौज खास, हूडा सिटी सेंटर, राजीव चौक मेट्रो स्टेशन सहित ऑनलाइन बुक माई शो पर भी एक्सपो के टिकट उपलब्ध रहेंगे। इसके अलावा पार्किंग क्षेत्र के सामने करीब 50 से अधिक काउंटर पर टिकट मिलेंगे।
विंटेज और सुपर कारों भी होंगी प्रदर्शित
पिछले वर्ष की तरह इस एक्सपो में भी विंटेज कारों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा यहां आने वाले लोग सुपर कारों का भी दीदार कर सकेंगे।
अब तक 15 हजार टिकटों की बिक्री
ऑटो एक्सपो के लिए अब तक करीब 15 हजार टिकटों की बिक्री हुई है। बुक माई शो पर ऑनलाइन टिकट मिल रहे हैं। टिकटों की राशि पिछले वर्ष जितनी ही रखी गई है। इसमें 7 से 12 फरवरी तक 350, 475 और साप्ताहिक अवकाश के दिनों में 750 रुपये में टिकट खरीदी जा सकती है।
लाइव स्ट्रीमिंग भी होगी
एक्सपो में फेसबुक की लाइव स्ट्रीमिंग के लिए टाउन हॉल बनाया गया है। इसमें फेसबुक से जुड़े यूजर भी ऑनलाइन वाहनों को प्लेटफॉर्म पर उतारे जाने का मजा ले सकेंगे।