नोएडा के अस्पताल में कोरोना संक्रमित की मौत
नोएडा। कोरोना संक्रमित 50 वर्षीय खोड़ा निवासी ने शहर के एक निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। शनिवार देर रात तबियत खराब होने पर उसे सेक्टर-25 स्थित कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआइसी) अस्पताल में भर्ती कराया गया गया था। जहां से उसे सेक्टर-137 स्थित निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया था। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक अधिकारिक तौर पर इसकी गणना गाजियाबाद जिले में होगी।
खोड़ा निवासी 50 वर्षीय व्यक्ति को सांस लेने में तकलीफ होने पर परिजनों ने शनिवार रात करीब 10 बजे ईएसआईसी अस्पताल पहुंचाया था। इमरजेंसी में मौजूद डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देकर व ईएसआइसी पैनल में शामिल उसे सेक्टर-137 स्थित निजी अस्पताल रेफर कर दिया। रविवार सुबह डॉक्टरों ने मरीज के स्वैब का नमूना लेकर दिल्ली के निजी लैब में जांच के लिए भेजा था। रविवार देर रात आई रिपोर्ट में कोरोना पॉजिटिव निकला। अस्पताल प्रबंधन ने इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग के साथ ही जिला प्रशासन को दी। रविवार रात ही करीब एक बजे व्यक्ति की उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग ने गाजियाबाद जिला प्रशासन को मामले की सूचना दे दी है। इसके बाद व्यक्ति के संपर्क में आए परिजनों को क्वारंटीन कर दिया गया। साथ ही ईएसआइसी व निजी अस्पतालों के स्वास्थ्य कर्मियों को भी क्वारंटीन कर दिया गया है।
प्रभारी सीएमओ डॉ. दीपक ओहरी ने बताया कि दिल्ली की प्राइवेट लैब से जांच में कोरोना की पुष्टि हुई। मृतक का गाजियाबाद के खोड़ा का रहने वाला है। गाजियाबाद प्रशासन को इसकी जानकारी दे दी गई है। गौतमबुद्घनगर में अभी तक कोरोना से किसी की मौत नहीं हुई है।
एक-दूसरे पर जिम्मेदारी क्यों
कोरोना मरीज की मौत की जानकारी मिलते ही गाजियाबाद और गौतमबुद्घ नगर दोनों जिले के अधिकारी सतर्क हो गए। सूत्रों ने बताया कि मरीज की जानकारी खंगालकर गौतमबुद्घ नगर स्वास्थ्य विभाग ने दो टूक कहा कि मामला गाजियाबाद का है। जिसकी गणना वहां के रजिस्टर में होगी। विवाद बढ़ता देख अधिकारिक तौर पर गौतमबुद्घ नगर सीएमओ कार्यालय को सूचना जारी करनी पड़ी कि मामला गाजियाबाद का ही है।