4 हजार रोजगार देगी कोरियन इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी
ग्रेटर नोएडा। सेक्टर ईको टेक-10 में कोरियन कंपनी सैमवांग इंडिया इलेक्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड ने निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। यह कंपनी एक साल में उत्पादन शुरू कर देगी। कंपनी मोबाइल, उसके पार्ट्स और एसी आदि का निर्माण करेगी। कंपनी यहां 550 करोड़ का निवेश करेगी। इससे यहां चार हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। ग्रेनो प्राधिकरण के सीईओ नरेंद्र भूषण व कंपनी के अधिकारियों ने सोमवार को इसकी नींव रखी।
पिछले साल फरवरी में लखनऊ में हुई निवेश समिट के बाद ग्रेनो में निवेशक आने लगे हैं। कोरियन कंपनी सैमवांग इंडिया इलेक्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड ने ईको टेक-10 में 35 एकड़ जमीन का आवंटन कराया है। प्राधिकरण ने कंपनी को पहले ही जमीन आवंटित कर दी है। ईको टेक-10 में साइट पर सोमवार को भूमि पूजन कार्यक्रम हुआ। इसमें ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ नरेंद्र भूषण, कंपनी के ग्लोबल मैनेजिंग डायरेक्टर किम, प्रोजेक्ट हेड इंडिया सुंग जे चो, प्राधिकरण के जीएम प्रोजेक्ट पीके कौशिक आदि मौजूद रहे। कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि एक साल में यहां पर उत्पादन शुरू हो जाएगा। तय समय पर निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि यहां पर सारी सुविधाएं मौजूद हैं। इसलिए काम जल्द पूरा हो जाएगा।