राजेंद्र नगर वार्ड में सड़क निर्माण के लिए लगा शिलापट्ट एवं खोदाई करते मजदूर।
लखनऊ। राजेंद्र नगर वार्ड में जिस सड़क को पैच वर्क करके एक लाख रुपये की लागत में ठीक किया जाना था, उस बनी-बनाई सड़क को मंगलवार को यूपीएसआईसी-2 नामक संस्था के ठेकेदार ने खोद डाला। जानकारी पर क्षेत्रीय भाजपा पार्षद पहुंचे तो पता चला कि यह सड़क क्षेत्रीय सपा विधायक की निधि से बनाई जाएगी। सही सड़क को खोदकर फिर बनाए जाने से नाराज पार्षद ने महापौर और जोनल अभियंता को जानकारी दी और काम को रोका।
क्षेत्रीय पार्षद राजीव दीक्षित ने बताया कि उनके वार्ड में डाॅ. आशीष टंडन के घर के पीछे वाली गली में सीसी रोड बनी है। इस रोड पर एक-दो जगह गड्ढे हो गए हैं, बाकी पूरी रोड सही है। गड्ढों को भरने के लिए पार्षद कोटे से 18 सितंबर को टेंडर हो गया और काम भी शुरू किया जा रहा है। इसी बीच मंगलवार को इस रोड को एक ठेकेदार खोदवाने लगा। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि सोमवार शाम को ही वहां पर क्षेत्रीय सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा का शिलापट्ट और बैनर भी लगाया गया। सही सड़क को खोदे जाने को लेकर आपत्ति जताई गई। इसकी जानकारी महापौर सुषमा खर्कवाल को दी गई। जोनल अभियंता संजीव प्रधान से जानकारी करने पर पता चला कि विधायक निधि से सड़क बनाने वाली कार्यदायी संस्था ने नगर निगम से अनापत्ति भी नहीं ली। नियमानुसार नगर निगम से अनापत्ति ली जानी चाहिए थी ताकि एक ही सड़क को किसी अन्य मद या विभाग की ओर से न बनाया जाए। पार्षद ने कहा कि बनी हुई सड़क को दोबारा बनाना सरकारी धन की बर्बादी है। पार्षद ने यह आरोप भी लगाया कि नगर निगम जोन दो के अभियंत्रण विभाग में तैनात अवर अभियंता की इसमें बड़ी लापरवाही है। इसके अलावा कार्यदायी संस्था के सुपरवाइजर की मिलीभगत भी है। ये लोग बनी हुई सड़कों को दोबारा बनाने के नाम पर फर्जीवाड़ा करते हैं। इसे लेकर नगर आयुक्त से शिकायत की गई है।
लोगों की मांग पर दी थी मंजूरी : विधायक
सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा का कहना है कि उन्होंने अपनी विधायक निधि से सड़क इसलिए बनवाने की मंजूरी दी थी क्योंकि सड़क खराब थी और लोग बनाने की मांग कर रहे थे। यदि नगर निगम उस सड़क का पैचवर्क कर काम चलाना चाहता है तो ठीक है, वह पैच वर्क कराए। यह काम निरस्त कराकर पैसा दूसरी सड़क बनाने पर लगाया जाएगा। नगर निगम की यह जिम्मेदारी है वह शहर में सभी सड़कों को सही करे।
कार्यदायी संस्था की ओर से बिना अनुमति किया जा रहा सड़क बनाने का काम रुकवा दिया गया है। पत्र भी भेजा गया है कि वह बिना अनुमति काम न करें।
- संजीव प्रधान, जोनल अभियंता नगर निगम
राजेंद्र नगर वार्ड में सड़क निर्माण के लिए लगा शिलापट्ट एवं खोदाई करते मजदूर।