पलवल। केजीपी (कुंडली-मानेसर-पलवल) एक्सप्रेसवे पर गांव कटेसरा के पास एक सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब ट्रक चालक गाड़ी के टायर और अन्य हिस्सों की जांच कर रहा था। पुलिस ने मामले में कंटेनर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में कौर सिंह निवासी कुम्हारवाल, जिला संगरूर (पंजाब) ने बताया कि वह और बीरबल निवासी कपूरगढ़, तहसील अमलो, जिला फतेहगढ़ साहिब (पंजाब) ट्रेला पर बतौर परिचालक-चालक नौकरी करते हैं। दोनों हैदराबाद से सामान लोड कर गाजियाबाद की ओर जा रहे थे। जब उनका ट्रेला केजीपी एक्सप्रेसवे पर गांव कटेसरा के पास पहुंचा तो बीरबल ने वाहन को साइड में खड़ा कर टायर की हवा और गाड़ी की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान एक बंद बॉडी कंटेनर का चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए आया और साइड में खड़े ट्रॉला से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी की जांच कर रहे बीरबल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर अमरपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।