-30 सितंबर तक टेंडर जारी नहीं हुए तो जंतर-मंतर या मंत्रालय के बाहर प्रदर्शन की चेतावनी
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। 16 अधूरी सुपरटेक परियोजनाओं में निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से घर खरीदारों का इंतजार बढ़ता जा रहा है। नेफोवा ने चेतावनी दी है कि यदि 30 सितंबर तक एनबीसीसी ने परियोजनाओं के लिए टेंडर जारी नहीं किए तो घर खरीदार जंतर-मंतर या आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के बाहर प्रदर्शन करेंगे। संगठन का कहना है कि खरीदार वर्षों से घर मिलने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें आश्वासन ही मिले हैं।
नेफोवा के दीपांकर कुमार ने बताया कि 18 सितंबर को 16 सुपरटेक परियोजनाओं को लेकर एनसीएलएटी में सुनवाई हुई। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट और एनसीएलएटी की तय समयसीमा समाप्त होने के बावजूद निर्माण शुरू होने की स्पष्ट समयसीमा नहीं बताई गई है। नेफोवा की ओर से अधिवक्ता डॉ. सुरत सिंह ने सुनवाई में बताया कि एपेक्स कोर्ट कमेटी के गठन के बाद सदस्यों के वेतन, एमिकस की फीस और कंसल्टेंट पर करीब 17 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। संगठन का दावा है कि इसके बावजूद 21 महीनों से निर्माण पर कोई राशि खर्च नहीं हुई।
अब तारीख नहीं, निर्माण चाहिए-
नेफोवा अध्यक्ष अभिषेक कुमार ने कहा कि खरीदार लगातार नई तारीख और समयसीमा सुन रहे हैं, लेकिन परियोजनाओं पर काम शुरू नहीं हुआ। उन्होंने परियोजनाओं की स्थिति, निर्माण की समयसीमा और आगे की कार्ययोजना स्पष्ट करने की मांग की। एनसीएलएटी ने संशोधित समयसीमा के साथ विस्तृत हलफनामा दाखिल करने के निर्देश दिए हैं। मामले की अगली सुनवाई 25 सितंबर को होगी। नेफोवा ने कहा कि 30 सितंबर तक टेंडर जारी नहीं हुए तो आंदोलन किया जाएगा।