-न्यू अशोक नगर व उद्योग मार्ग से आने वाले वाहन एलिवेटेड रोड पर चढ़कर महामाया फ्लाईओवर की ओर जा सकेंगे
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। दिल्ली के मयूर विहार से महामाया फ्लाईओवर तक बन रहे 5.570 किलोमीटर की चिल्ला एलिवेटेड रोड के पहले रैंप का निर्माण सेक्टर-15 के सामने शुरू हो गया है। इससे दिल्ली के न्यू अशोक नगर व उद्योग मार्ग से आने वाले वाहन एलिवेटेड रोड पर चढ़कर महामाया फ्लाईओवर की ओर जा सकेंगे। रैंप निर्माण के लिए पिलर व पियर कैप के बाद गर्डर रख दिए गए हैं। रैंप को शाहदरा नाले के ऊपर से उद्योग मार्ग से मिलाने के लिए तीन पिलर बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा चिल्ला एलिवेटेड रोड पर चार रैंप व एक लूप का निर्माण प्रस्तावित है।
नोएडा प्राधिकरण के जीएम एसपी सिंह ने बताया कि एलिवेटेड रोड का निर्माण सेतु निगम की तरफ से करवाया जा रहा है। प्राधिकरण स्तर से प्रगति व गुणवत्ता की निगरानी की जा रही है।
उद्योग मार्ग पर सेक्टर-14ए से फ्लाईओवर पर चढ़ने वाली गाड़ियां शाहदरा नाले पर उतरती हैं। नाले के पुल की एक लेन पर गाड़ियां का आवागमन चिल्ला एलिवेटेड रोड के पिलर निर्माण के लिए रोका गया है। अब यहां पर उद्योग मार्ग पर सेक्टर-14 की ओर आने वाला ट्रैफिक दो लेन के पुल से ही गुजर रहा है। प्राधिकरण की तरफ से बताया गया कि यह डायवर्जन करीब एक महीने प्रभावी रहेगा।
इन रैंप व लूप पर भी चढ़ेगा-उतरेगा चिल्ला एलिवेटेड का ट्रैफिक
-सेक्टर-16 के सामने रैंप उतरेगा जिससे दिल्ली से चढ़कर मास्टर प्लान रोड-1 से सेक्टर-12-22 की तरफ जाने वाले वाहन गुजरेंगे।
-महमाया फ्लाईओवर व दलित प्रेरणा स्थल के बीच शाहदरा नाले पर लूप बनेगा, जिससे वाहन सीधे मयूर विहार की तरफ जा सकेंगे।
-सेक्टर-16 ए से 16बी के बीच डीएनडी के लिए रैंप उतरेगा। इससे शाहदरा ड्रेन पर बने लूप से चढ़कर आने वाले वाहन दिल्ली की ओर जा सकेंगे।
-सेक्टर-18 डीएलएफ मॉल के आगे रैंप उतरेगा। इस रैंप से दिल्ली की तरफ से आने वाले वाहन सेक्टर-18 और नोएडा एलिवेटेड रोड की ओर जा सकेंगे।
-आखिर में महामाया फ्लाईओवर के पहले सेक्टर-38ए के सामने चिल्ला एलिवेटेड रोड का रैंप उतरेगा, जिससे वाहन सीधे एक्सप्रेस-वे से ग्रेटर नोएडा की ओर जा सकेंगे।