सेक्टर-96 स्थित प्रशासनिक भवन के टावर के लिए टेंडर जारी
चार मंजिल तक बने टावर में पहले होगा मरम्मत और मजबूती का काम
भविष्य में ग्राउंड प्लस 12 मंजिल तक निर्माण की योजना
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण के प्रशासनिक भवन के अधूरे टावर का निर्माण पूरा करने के लिए 65 करोड़ 51 लाख 25 हजार रुपये का टेंडर जारी किया गया है। निर्माण एजेंसियां आठ दिसंबर तक आवेदन कर सकेंगी। पहले चरण में मौजूदा चार मंजिला ढांचे को मजबूत करने और बाकी अधूरे काम पूरे किए जाएंगे। इसके बाद ऊपरी मंजिलों के निर्माण की योजना बनेगी।
प्राधिकरण का नया कार्यालय जून के अंतिम सप्ताह में शुरू हुआ था। यहां दो टावर प्रस्तावित थे। इनमें से एक सात मंजिला टावर में कार्यालय संचालित हो रहा है, जबकि दूसरा टावर (टावर नंबर-1) पिछले चार-पांच वर्षों से अधूरा पड़ा है। मूल योजना में इसे 17 मंजिला बनाया जाना था। करीब तीन महीने पहले प्राधिकरण ने इसका निर्माण पूरा कराने का निर्णय लिया था, जिसे बोर्ड बैठक में मंजूरी मिल चुकी है।
मजबूती के साथ होंगे अन्य निर्माण कार्य
प्राधिकरण अधिकारियों के मुताबिक, बेसमेंट सहित बने टावर में संरचनात्मक सुधार (रेट्रोफिटिंग) कराया जाएगा। इसके अलावा फर्श, बाहरी प्रकाश व्यवस्था, सजावटी छत, मेज-कुर्सी और कार्यालय संकेतक लगाने जैसे काम भी होंगे।
ग्राउंड प्लस 12 मंजिल तक बनेगा टावर
भविष्य में इस टावर को ग्राउंड प्लस 12 मंजिल तक विकसित करने की योजना है। बोर्ड से इसकी मंजूरी मिल चुकी है। मौजूदा चार मंजिल से ऊपर का निर्माण कराने के लिए अलग से टेंडर जारी किया जाएगा।