- यूपीपीसीबी की टीम ने कंपनी पर जुर्माने की संस्तुति कर मुख्यालय को भेजी रिपोर्ट
- अब तक 65 साइटों पर 1.74 करोड़ के जुर्माने की संस्तुति, ग्रेनो का एक्यूआई रेड जोन में बरकरार
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। इकोटेक-10ए की एक कंपनी में निर्माण कार्य चलता मिला, जबकि वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने 20 नवंबर तक रोक लगा रखी है। शिकायत मिलने पर यूपीपीसीबी ग्रेनो की टीम ने स्थलीय निरीक्षण किया। यूपीपीसीबी ने कंपनी पर 50 लाख रुपये के जुर्माने की संस्तुति की है। इसकी रिपोर्ट मुख्यालय को भेज दी गई है। वहीं, वायु प्रदूषण फैलाने के मामले में अब तक 65 साइटों पर 1.74 करोड़ रुपये के जुर्माने की संस्तुति की जा चुकी है।
दिवाली और अन्य त्योहारों को लेकर वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने 5 से 20 नवंबर तक निर्माण कार्यों पर रोक लगाई है। इसके बावजूद बड़ी निर्माणाधीन साइटों पर निर्माण कार्य चल रहे हैं। आदेश का पालन नहीं किया जा रहा है। जिम्मेदार अधिकारी भी निगरानी नहीं कर रहे हैं। शिकायत मिलने पर ही कार्रवाई हो रही है।
शुक्रवार को औद्योगिक सेक्टर इकोटेक-10ए स्थित अवादा इलेक्ट्रो लिमिटेड में निर्माण कार्य की शिकायत यूपीपीसीबी को मिली। इस पर विभाग की टीम मौके पर पहुंची। यूपीपीसीबी के अधिकारियों ने बताया कि मौके पर निर्माण कार्य चलता मिला। धूल और प्रदूषण की रोकथाम के अन्य इंतजाम भी नाकाफी मिले। कंपनी पर 50 लाख रुपये के जुर्माने की संस्तुति की गई है। ग्रेटर नोएडा में निर्माण कार्यों पर रोक के बाद यह पहली कार्रवाई है।
अब तक 1.74 करोड़ के जुर्माने की संस्तुति
यूपीपीसीबी के अधिकारियों ने बताया कि वायु प्रदूषण की रोकथाम के नियमों का पालन नहीं करने पर अब तक 65 साइटों पर कार्रवाई हो चुकी है। इन सभी पर 1.74 करोड़ रुपये के जुर्माने की संस्तुति की जा चुकी है। इनमें इकोटेक-10ए की कंपनी भी शामिल है। इस पर निर्माण कार्य करने के मामले में कार्रवाई हुई है। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यालय से सभी को जुर्माने के नोटिस जारी होंगे। कई को नोटिस जारी हो चुके हैं।
लगातार दूसरे दिन रेड जोन में रहा ग्रेनो
ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई लगातार दूसरे दिन रेड जोन में रहा। ग्रेनो का एक्यूआई 324 दर्ज किया गया। यह शुक्रवार के मुकाबले 24 अंक कम रहा। एनसीआर में नोएडा और ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई सबसे कम रहा। नोएडा का एक्यूआई 318 और ग्रेटर नोएडा का 324 रहा। वहीं, ग्रेनो में ग्रेनो वेस्ट का क्षेत्र सबसे अधिक प्रदूषित रहा। यमुना सिटी और घोड़ी बछेड़ा गांव के आसपास का क्षेत्र भी काफी प्रदूषित रहा।
नवंबर में इन दिनों रेड जोन में रहा एक्यूआई
दिनांक एक्यूआई
4 नवंबर
309
6 नवंबर
316
13 नवंबर
348
14 नवंबर
324
ग्रेटर नोएडा में कहां कितना रहा एक्यूआई
निगरानी केंद्र एक्यूआई
यमुना सिटी
330
घोड़ी बछेड़ा 336
नॉलेज पार्क-5, ग्रेनो वेस्ट
350
नॉलेज पार्क-3
307
शिव नादर विश्वविद्यालय, दादरी
291
अवादा इलेक्ट्रो लिमिटेड की साइट पर निर्माण कार्य चलता मिला, जबकि निर्माण पर रोक है। कंपनी पर 50 लाख रुपये के जुर्माने की संस्तुति कर मुख्यालय को रिपोर्ट भेजी गई है। अन्य साइटों का भी निरीक्षण चल रहा है। -विकास मिश्रा, क्षेत्रीय अधिकारी, यूपीपीसीबी ग्रेनो