ग्रेटर नोएडा। प्रदेश सरकार पत्रकारों के लिए आयुष्मान पोर्टल शुरू करेगी। मंगलवार को सूचना निदेशालय में हुई एक बैठक में इस पर सहमति बनी। इसमें मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा होगी। पोर्टल आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी-पीएमजेएवाई) के तहत विकसित किया गया है।
स्टेट हेल्थ एजेंसी के अधिकारियों ने पोर्टल के कार्यप्रवाह का प्रस्तुतीकरण किया। उन्होंने आयुष्मान कार्ड जारी करने की प्रक्रिया समझाई। आवेदन, सत्यापन और कार्ड डाउनलोड करने की पूरी प्रक्रिया का सीधा प्रदर्शन किया गया। इस प्रशिक्षण में मुख्यालय और प्रदेश के सभी जिला सूचना कार्यालयों के अधिकारियों व कर्मचारियों ने भाग लिया। अफसरों ने बताया कि पोर्टल को पत्रकारों के लिए सरल बनाया गया है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक पत्रकारों और उनके परिजनों को त्वरित लाभ पहुंचाना है। उन्होंने सभी जनपदीय अधिकारियों को निर्देश दिए। जिन मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके परिजनों के आयुष्मान कार्ड नहीं बने हैं, उनके विवरण एक सप्ताह के भीतर पोर्टल पर अपलोड किए जाएं।