तत्काल स्वास्थ्य आपातकाल घोषित करने व सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। प्रदूषण के खिलाफ बुधवार को प्रदेश कांग्रेस ने सीएम रेखा गुप्ता के नाम ज्ञापन दिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने प्रतीकात्मक रूप से ऑक्सीजन सिलिंडर लगाकर दिल्ली सचिवालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और तत्काल स्वास्थ्य आपातकाल घोषित करने व सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की।
प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में देवेंद्र यादव ने कहा कि रेखा गुप्ता सरकार की नाकामी के कारण दिल्ली गैस चैंबर बन चुकी है। ग्रैप लागू करने के बावजूद मजदूरों-कामगारों की दिहाड़ी छिन गई लेकिन सरकार ने उनकी कोई सुध नहीं ली। प्राइमरी स्कूल बंद कर दिए गए लेकिन सेकेंडरी स्कूल अभी भी खुले हैं। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चौ. अनिल कुमार, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के दिल्ली प्रभारी काजी निजामुद्दीन, सचिव प्रभारी एवं पूर्व विधायक दानिश अबरार, सुखविंदर सिंह डैनी, पूर्व केंद्रीय मंत्री कृष्णा तीरथ, अभिषेक दत्त, अनिल भारद्वाज, मनोज यादव व निगम में कांग्रेस दल नेता नाजिया दानिश आदि शामिल रहे। सभी ने मास्क व ऑक्सीजन सिलिंडर लगाकर प्रतीकात्मक विरोध दर्ज किया।