पंकज डावर के नेतृत्व में शिष्टमंडल ने की डीसी को समस्याओं से करवाया अवगत
डीसी ने समाधान का दिया आश्वासन, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त के नेतृत्व में एक दल करेगा दौरा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। वार्ड-34 की चार काॅलोनियों में व्याप्त बदहाली को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी) के अध्यक्ष पंकज डावर के नेतृत्व में शुक्रवार को कांग्रेस का शिष्टमंडल उपायुक्त (डीसी) से मिला। उन्होंने डीसी को राजेंद्रा पार्क, विष्णु गार्डन, सूरत नगर व जय विहार में बदहाली से अवगत करातेे हुए क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं देने की मांग की। डीसी ने शिष्टमंडल की बातों को सुनने के बाद समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त के नेतृत्व में अधिकारियों का एक दल जल्द दौरा करेगा।
पंकज डावर ने जिला उपायुक्त अजय कुमार को बताया कि वार्ड-34 के अंतर्गत राजेंद्रा पार्क, विष्णु गार्डन, सूरत नगर व जय विहार में हालात बहुत खराब है। सड़कों टू़टी हुई है। गलियों में पानी भरा रहता है। गंदा पानी कई दिन तक सड़ता रहता है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों को बहुत अधिक परेशानी होती है। नियमित तौर पर वहां से गुजरने वाले लोग समस्याएं झेेल रहे हैं। नगर निगम कोई सुनवाई नहीं कर रहा। पंकज डावर ने जिला उपायुक्त के समक्ष कहा कि इन कॉलोनियों में जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। सीवर खुले हुए हैं। लोग बीमार भी पड़ने लगे हैं।
उपायुक्त अजय कुमार ने समस्या को सुनने के बाद कहा कि वे अभी नगर निगम के संयुक्त आयुक्त को अधिकारियों के साथ कॉलोनियों का दौरा कर समस्याओं का स्थायी समाधान करने के लिए कह रहे हैं। समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाएगा। इस दौरान पर्ल चौधरी, सीमा पाहूजा, अधिवक्ता सूबे सिंह यादव, सीमा हुड्डा, सातवंती नेहरा, अनिल धानक, रमेश शर्मा, राजकुमार, मुकेश सिंगला, डॉ. रवि, कुलदीप, दयानंद, महेश चंद शर्मा, अशोक शर्मा, जसवंत सिंह व संदीप समेत अन्य शामिल थे।