रामलीला मंचन पर असमंजस बरकरार
फिरोजपुर झिरका/नगीना। जिला प्रशासन से कोई दिशा-निर्देश नहीं मिलने के कारण इस बार शहर व कस्बों में रामलीला का मंचन होने पर असमंजस बरकरार है। रामलीला कमेटियां प्रशासन के दिशा-निर्देशों का इंतजार कर रही हैं।
कस्बा फिरोजपुर झिरका व नगीना में होने वाली रामलीला क्षेत्र में विशेष मानी जाती है। शहर के युवा ही रामलीला का मंचन करते हैं। रामलीला कमेटी ने मंचन के जिला प्रशासन से अनुमति मांगी है। बता दें कि कोरोना वायरस के कारण शहर में अब तक कई धार्मिक आयोजन रद्द किए जा चुके हैं। रामलीला मंचन पर भी असमंजस बना हुआ है। केंद्र सरकार ने अनलॉक के तहत कई गतिविधियों में छूट दी है, लेकिन रामलीला मंचन को लेकर अभी प्रदेश सरकार या जिला प्रशासन से कोई निर्देश जारी नहीं हुए हैं। रामलीला कमेटी फिरोजपुर झिरका के प्रधान राजकुमार चुटानी का कहना है कि यदि जिला प्रशासन से कोई निर्देश मिलता है तो हम रामलीला का आयोजन सुचारू रूप से करेंगे।
कैप्शन : राजकुमार चुटानी, प्रधान रामलीला कमेटी