विजुअल आर्ट्स नवाचार पर सम्मेलन
नोएडा (संवाद)। सेक्टर-126 में स्थित एमिटी विश्वविद्यालय में विजुअल आर्ट्स नवाचार पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन किया गया। जिसमें एमिटी स्कूल ऑफ फाइन आर्ट्स की ओर से छात्रों को विजुअल आर्ट्स की नवीनतम प्रगति से परिचित किया गया। सम्मेलन का उद्घाटन कलाकार नुपुर कुंडू, चेयरपरसन दिव्या चौहान, आउटलुक मीडिया इंडिया के निदेशक क्षितिज कौल, वाइस चांसलर डॉ. बलविंदर शुक्ला सहित कई राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों ने किया। वक्ताओं ने कला, प्रौद्योगिकी और रचनात्मकता के अंतर्संबंध पर विचार साझा किए। सम्मेलन में देश-विदेश के विश्वविद्यालयों के छात्रों ने शोध पत्र प्रस्तुत किए।
परीक्षाओं के लिए दिए सुझाव
यूनान सिटी (संवाद)। जेवर स्थित प्रज्ञान पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति को मजबूत करने के उद्देश्य से तीन दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन हुआ। साथ ही अभिभावक–शिक्षक बैठक का आयोजन किया गया। अभिभावकों को परीक्षा प्रणाली, मूल्यांकन प्रक्रिया और विद्यालय की शैक्षणिक योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में कक्षा 10 और 12 के विद्यार्थियों की बोर्ड परीक्षा की तैयारी को लेकर अपनाई जा रही रणनीतियों पर विशेष जोर दिया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. दीप्ति शर्मा ने कहा कि अभिभावक, शिक्षक और विद्यार्थी के सामूहिक प्रयास से ही विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास संभव है।
आईटीएस कॉलेज में डोनेशन ड्राइव
ग्रेटर नोएडा (संवाद)। नॉलेज पार्क स्थित आईटीएस इंजीनियरिंग कॉलेज की ओर से शनिवार को वंचित समुदायों के समर्थन हेतु डोनेशन ड्राइव का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य छात्रों, संकाय सदस्यों और कर्मचारियों को उपयोग किए गए कपड़े व दैनिक जरूरत की वस्तुएं दान करने के लिए प्रेरित करना था। अभियान में कॉलेज के निदेशक डॉ. मयंक गर्ग, डीन एकेडमिक डॉ. विष्णु शर्मा, विभागाध्यक्ष डॉ. जया सिन्हा, प्रो. डॉ. संध्या उमराव, ऋतु देवान, तन्मयी तिलकर सहित अन्य संकाय सदस्यों और छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने ग्रेटर नोएडा के सेक्टर अल्फा-1 स्थित एक स्कूल में चिप्स, जूस, नोटबुक, पेंसिल, रजिस्टर, कपड़े, स्कूल बैग और अन्य आवश्यक सामग्री दान की गई।