-अधिकारियों ने दिया पार्कों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। नोएडा प्राधिकरण के उद्यान विभाग के उप निदेशक प्रशांत सिंह ने शुक्रवार को सेक्टर-56 के पार्कों का निरीक्षण किया। इस मौके पर आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने उद्यान विभाग की टीम को पार्कों में फैली अव्यवस्था से अवगत कराया। उप निदेशक ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
सेक्टर-56 के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष संजय मावी ने बताया कि पार्कों में बच्चों के झूले टूटे हैं और ओपन जिम की हालत भी खराब है। ऐसे में बच्चे पार्कों में खेल नहीं पाते हैं और जिम करने में भी लोगों को परेशानी होती है। टीम ने ग्रीन बेल्ट में बनी गजीबो हट का निरीक्षण भी किया गया। ऐसे में उद्यान विभाग की ओर से सेक्टर की हरियाली पर ध्यान देने के साथ ही जिम और झूले ठीक करवाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर संजय मावी, आमीर सिंह यादव, लक्ष्मण सैनी, रुचि अग्रवाल, एसपी सिंह मौजूद रहे।
अमर उजाला ने उठाया था पार्कों का मुद्दा
बता दें कि पिछले सप्ताह अमर उजाला की ओर से सेक्टर के पार्कों की स्थिति के बारे में खबर प्रकाशित की गई थी। इस दौरान सेक्टरों के पार्कों की खराब हालत, ओपन जिम और बच्चों के झूले टूटे होने की बात भी लिखी गई थी। खबर प्रकाशित होने के बाद मौके पर निरीक्षण के लिए नोएडा प्राधिकरण के उद्यान विभाग की टीम पहुंची और कार्रवाई का आश्वासन दिया।