मेंहदावल। एसआईआर को लेकर डीएम आलोक कुमार ने रविवार को मेंहदावल में जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जिम्मेदारों से सवाल जवाब किए। तय समय में एसआईआर का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
डीएम ने मेंहदावल, सांथा व बेलहर ब्लाॅक के विभिन्न बूथों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों से प्रगति की जानकारी हासिल की। इसके अलावा वह मेंहदावल व सांथा ब्लॉक मुख्यालय पर भी पहुंचे। एसडीएम, बीडीओ से गणना प्रपत्र वितरण, फार्म वापसी व डिजिटिलाइजेशन आदि के बारे में पूछताछ की। उन्होंने कहा कि यह कार्य अति महत्वपूर्ण कार्य है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शत प्रतिशत गणना प्रपत्र का वितरण व वापसी के अलावा सभी फॉर्म को डिजिटल कराएं। जिम्मेदार अधिकारी कर्मचारी भी बीएलओ की मदद करें। कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में जगह बनाने से छूटना नहीं चाहिए। अपात्र को हर हाल में मतदाता सूची से बाहर करें। उन्होंने पिछले दो दिनों में मेंहदावल तहसील क्षेत्र में एसआईआर के कार्यों में आई तेजी पर संतोष जाहिर किया। इसी प्रकार निरंतरता बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम संजीव कुमार राय, अधिशासी अधिकारी मेंहदावल पंकज कुमार, बीडीओ मेंहदावल राजेश श्रीवास्तव, बीडीओ बेलहर, एडीओ पंचायत बेलहर पंकज सिंह सहित अन्य जिम्मेदार अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।