सांथा ब्लाॅक पर एसआईआर के बारे में जानकारी लेते डीएम-स्रोत सूचना
संतकबीरनगर। बेलहर क्षेत्र की ग्राम पंचायत परासी गनवरिया में रविवार को जिलाधिकारी आलोक कुमार ने मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत बूथ संख्या 196 व 197 का निरीक्षण किया। डीडीओ, बीडीओ उमेश प्रसाद ओझा और एडीओ पंचायत पंकज सिंह भी मौजूद रहे।
डीएम ने बीएलओ से फार्म सबमिट की स्थिति पूछी। बताया गया कि अब तक लगभग 500 एसआईआर फार्म ऑनलाइन सबमिट किए जा चुके हैं। जांच में पाया गया कि बीएलओ स्तर पर किसी तरह की गड़बड़ी नहीं है। हालांकि, ग्रामीणों में जागरूकता की कमी के कारण अधिकतर लोग स्वयं फार्म भरने में असमर्थ हैं। ऐसे में प्रधान प्रतिनिधि फिरोज अहमद तथा बीएलओ लोगों की मदद कर फार्म भरने और अपलोड करने का कार्य कर रहे हैं।
बीएलओ ने बताया कि कई बार सर्वर बाधित होने के कारण कार्य की गति प्रभावित हो रही है, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी पात्र नागरिकों के एसआईआर फार्म प्राथमिकता के आधार पर पूरा कर समय से ऑनलाइन अपलोड किए जाएं। किसी भी तकनीकी या अन्य समस्या की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को देकर उसका समाधान सुनिश्चित करें, ताकि अभियान में कोई बाधा न आए और हर पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके।