नोएडा। फेज-2 कोतवाली की सेक्टर-110 पुलिस चौकी के पास मसाज पॉर्लर व स्पा सेंटर के नाम पर देह व्यापार की ट्विटर पर शिकायत की गई है। मामले में हिमांशु नाम के युवक ने पुलिस कमिश्नर को टैग कर ट्वीट किया है। उसका आरोप है कि मामले में पुलिस किसी तरह की कार्रवाई नहीं कर रही है। जबकि, इससे सेक्टरवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नोएडा पुलिस कमिश्नरेट के ट्विटर हैंडल से बताया गया है कि कोतवाली प्रभारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
हिमांशु सिंह ने मंगलवार को अपने ट्विटर हैंडल से पुलिस कमिश्नर से शिकायत की है कि सेक्टर-110 पुलिस चौकी की नाक के नीचे मसाज पॉर्लर और स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार का धंधा चलाया जा रहा है। इस कारण सेक्टर में रहने वाले घर की महिलाओं के साथ सेक्टर स्थित मार्केट नहीं जा पाते हैं। हिमांशु ने अपने ट्वीट में नोएडा पुलिस, विधायक पंकज सिंह और मुख्यमंत्री कार्यालय को भी टैग किया है। नोएडा में कई सेक्टरों व मार्केट में इस तरह की गतिविधि शिकायतें पहले भी मिली हैं। वहीं, स्थानीय पुलिस पर मिलीभगत का आरोप भी लगता रहा है। बता दें कि बीते दिनों पुलिस ने सेक्टर-18 व सेक्टर-12 में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया था।
चिकित्सक पर कार सवारों ने किया हमला, ट्विटर पर शिकायत
ग्रेनो वेस्ट में बिसरख कोतवाली क्षेत्र में एक चिकित्सक की कार में एक अन्य कार सवारों ने पहले टक्कर मारी और विरोध पर हमला कर दिया। घटना में चिकित्सक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, शिकायत देने के बावजूद पीड़ित को एफआईआर की प्रति उपलब्ध नहीं कराई गई। इस पर पीड़ित ने ट्विटर पर डीजीपी और नोएडा पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। नोएडा पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच की जानकारी दी है।
ग्रेनो वेस्ट स्थित निराला स्टेट टेक जोन-4 सोसाइटी निवासी हार्ट स्पेशलिस्ट डॉ. नीरज कुमार त्रिपाठी का कहना है कि तीन मार्च को वह सुबह नोएडा स्थित अस्पताल जा रहे थे। इसी दौरान इटेड़ा चौराहे के पास एक दूसरी कार सवारों ने उनकी गाड़ी में पीछे से टक्कर मार दी। उन्होंने कार रोककर कारण पूछा तो आरोपियों ने घेरकर हमला कर दिया। इससे उनके चेहरे, आंख व शरीर के अंगों पर गंभीर चोट आई। इसकी शिकायत पुलिस को दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। मंगलवार को ट्वीट करने पर केस दर्ज कर जांच की जानकारी दी गई है। पीड़ित ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।