माई सिटी रिपोर्टर
अंबाला। अंबाला के औद्योगिक क्षेत्र में बाढ़ आने के बाद साहा के औद्योगिक क्षेत्र में जमीन की मांग एक दम से बढ़ गई है। इस बार हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एचएसआईआईडीसी) सेक्टर तीन में आवासीय प्लॉटों को लेकर पंजीकरण मांगे तो 280 आवेदन प्राप्त हुए।
जबकि पिछली बार की बोलियों में 100 से कम ही आवेदन यहां आते थे। खास बात है कि पंजीकरण करने वालों में 40 प्रतिशत लोग ही अंबाला जिला से हैं, अन्य 60 प्रतिशत आवेदक हरियाणा के विभिन्न जिलों से हैं। इसमें रोहतक, मानेसर तक से लोगों ने यहां प्लॉट लेकर घर बनाने को पंजीकरण कराया है।
इन प्लॉटों को लेकर अब विभाग 30 अक्तूबर को बाेलियां लगाएगा। यहां 200 वर्ग गर्ज से लेकर 312 वर्ग गज और 450 वर्ग गज के प्लॉटों की बोलियां कराई जाएंगी।
स्कूल और दुकानों के लिए भी जगह निर्धारित : एचएसआईआईडीसी के एस्टेट मैनेजर रघुबीर सिंह ने बताया कि साहा इंडस्ट्रियल एरिया को वॉक टू वर्क की नीति पर बनाया गया है। यहां पर लोग काम से सीधे घर पैदल ही जा सकते हैं। यहां पर मशहूर स्कूल चेन रेयाल इंटरनेशनल भी साढ़े तीन एकड़ जमीन ले चुका है। वहीं अभी भी छोटे स्कूलों के ढ़ाई एकड़ जमीन का प्राविधान किया गया है। इसके साथ ही एचएसवीपी की तर्ज पर दो मंजिला दुकानों के प्लॉट भी यहां हैं। इसके साथ ही यहां 40 फीट, 60 फीट और 100 फीट तक की सड़कें मौजूद हैं।