-आप प्रतिनिधिमंडल ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से की मुलाकात, सरकार पर लापरवाही का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
सीमापुरी में चार मंजिला इमारत ढहने वाले हादसे में घायलों से आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने अस्पताल पहुंचकर मुलाकात की। आप प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि हादसे में लोगों की मौत के बाद भी मुख्यमंत्री, मंत्री या भाजपा के सांसद मौके पर नहीं पहुंचे। उन्होंने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और मृतकों के परिवारों को 10-10 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की।
भारद्वाज ने दावा किया कि बुधवार से स्थानीय विधायक वीर सिंह धींगान मौके पर मौजूद हैं, लेकिन भाजपा का कोई मंत्री या सांसद वहां नहीं पहुंचा। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में लगातार इमारत गिरने, आग लगने और अन्य हादसों के बावजूद सरकार गंभीरता नहीं दिखा रही है। आप नेता ने सत्य निकेतन हादसे का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि उस समय सरकार के नेता डूसू चुनाव को देखते हुए मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने घायलों को भी आर्थिक सहायता देने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में संजीव झा, कुलदीप कुमार और वीर सिंह धींगान भी शामिल रहे।