नई तकनीकी के साथ कंपनियां पेश करेंगी इलेक्ट्रिक स्कूटर से लेकर साइकिल
- इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आज से शुरू होगा तीन दिवसीय ईवी इंडिया एक्सपो-2026
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आज से तीन दिवसीय ईवी इंडिया एक्सपो-2026 का आगाज होगा। जहां ऑटो मोबाइल जगत की बड़ी-बड़ी कंपनियां अपनी नई तकनीकी के साथ ईवी वाहन पेश करेंगी। इनमें इलेक्ट्रिक स्कूटर से लेकर बस, बाइक, ऑटो रिक्शा व साइकिल तक शामिल हैं। साथ ही ईवी चॉर्जिंग स्टेशन का इंफ्रास्ट्रक्चर व बैटरी एंड एनर्जी स्टोरेज की नई तकनीकी पेश करेंगी। ईवी एक्सपो में प्रवेश निशुल्क रहेगा।
ईवी इंडिया एक्सपो-2026 के आयोजक इंडियन एग्जिबिशन सर्विसेज (आईईएस) व ग्रीन सोसाइटी ऑफ इंडिया (जीएसआई) मिलकर कर रहे हैं। यह छठां संस्करण है। आयोजकों ने बताया कि ईवी एक्सपो में 200 एग्जिबिटर्स भाग ले रहे हैं। साथ ही 20000 से अधिक विजिटर्स आने की उम्मीद हैं। सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक प्रदर्शनी चलेगी। आम लोगों के लिए प्रवेश निशुल्क होगा। आयोजकों ने बताया कि प्रदर्शनी में 100 से अधिक ऑटो मोबाइल कंपनियां भाग ले रही हैं। जो ईवी बाइक से लेकर ईवी कार, साइकिल, ऑटो रिक्शा, बस को नई तकनीकी के साथ पेश करेंगी। ईवी व्हीकल के चॉर्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को भी बेहतर करने पर काम कर रही हैं। नए इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ कंपनियां एक्सपो में आई हैं। ऑटोमोबाइल कंपोनेंट और एसोसीरीज भी कंपनियां लेकर आ रही हैं। आयोजकों ने बताया कि इलेक्ट्रिक वाहनों, हाइब्रिड वाहनों, ऑटोमोटिव पार्ट्स और एक्सेसरीज़, बैटरी मैनेजमेंट और स्टोरेज सिस्टम, चार्जिंग इक्विपमेंट, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर, डिवाइस और सॉफ्टवेयर का प्रदर्शन होगा। ईवी एक्सपो 1 से 3 सितंबर तक चलेगा।