फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नोएडा: मयूर विहार से सेक्टर-94 तक फर्राटा भरेंगे वाहन, 20 मीटर ऊंचे एलिवेटेड रोड का रास्ता साफ

Wed, 18 Nov 2026 09:52 AM IST
Vijay Singh Pundir अमर उजाला नेटवर्क, नोएडा

सार

प्रस्तावित एलिवेटेड रोड नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे, कालिंदीकुंज मार्ग और दिल्ली मेट्रो की मजेंटा लाइन के ऊपर से गुजरेगा। परियोजना की अनुमानित लागत 342.74 करोड़ रुपये है।
विज्ञापन
एलिवेटेड रोड (सांकेतिक) - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नोएडा के मयूर विहार से सेक्टर-94 तक वाहन फर्राटा भरेंगे क्योंकि चिल्ला एलिवेटेड रोड के आगे 3.2 किलोमीटर लंबे छह लेन के एलिवेटेड रोड के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। नोएडा प्राधिकरण ने मंगलवार को निर्माण एजेंसी के चयन के लिए टेंडर जारी कर दिया है और आठ दिसंबर तक आवेदन मांगे हैं। निर्माण शुरू होने के बाद इस परियोजना को पूरा होने में तीन वर्ष लगेंगे। यह 20 मीटर ऊंचा होगा। चार धनुषाकार पुल बनेंगे। परियोजना की अनुमानित लागत 342.74 करोड़ रुपये है।

विज्ञापन


इस एलिवेटेड रोड के बनने के बाद मयूर विहार से आने वाले वाहन चालक मयूर विहार से महामाया फ्लाईओवर के सामने सेक्टर-38 तक बन रहे चिल्ला एलिवेटेड रोड के जरिये सीधे सेक्टर-94 यमुना पुश्ता रोड तक पहुंच सकेंगे। सेक्टर-95 के पास शाहदरा नाले पर एक लूप भी बनाया जाएगा। इससे नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से आने वाले वाहन चिल्ला एलिवेटेड रोड पर चढ़कर सीधे डीएनडी, सेक्टर-16ए व मयूर विहार की ओर जा सकेंगे। इससे लाखों वाहन चालकों को महामाया फ्लाईओवर और चिल्ला बॉर्डर लिंक रोड पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी।

नोएडा प्राधिकरण ने मार्च में इस एलिवेटेड रोड के निर्माण की तैयारी शुरू की थी। इसके बाद आईआईटी रुड़की से विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करवाई गई। आईआईटी ने अगस्त में डीपीआर तैयार कर प्राधिकरण को सौंप दी थी। इसके बाद लागत का परीक्षण और समिति की मंजूरी मिलने पर अब टेंडर की प्रक्रिया शुरू की गई है।
विज्ञापन


20 मीटर होगी ऊंचाई, लोहे के धनुषाकार पुल बनेंगे
प्रस्तावित एलिवेटेड रोड नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे, कालिंदीकुंज मार्ग और दिल्ली मेट्रो की मजेंटा लाइन के ऊपर से गुजरेगा। इन तीनों स्थानों पर पिलर बनाने की गुंजाइश न होने के कारण यहां स्टील के चार बो-स्ट्रिंग ब्रिज बनाए जाएंगे। ये पुल मजबूती और अधिक भार-क्षमता के लिए ऊपर से धनुष के आकार में मुड़े होते हैं।

नजदीक में ओखला पक्षी विहार होने के कारण ध्वनि प्रदूषण रोकने के लिए मार्ग पर साउंड बैरियर भी लगाए जाएंगे। आईआईटी के आकलन के अनुसार, मजेंटा लाइन मेट्रो की हाईटेंशन लाइन 17 मीटर ऊंची है, इसलिए एलिवेटेड रोड को इससे तीन मीटर ऊपर यानी 20 मीटर की ऊंचाई से गुजारा जाएगा। इसके साथ ही बीच से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को भी ऊंचा कराया जाएगा। अभी तक शहर में बने दो एलिवेटेड रोड (नोएडा और भंगेल) की ऊंचाई लगभग 10 मीटर है।

भविष्य की योजनाएं और विस्तार
प्रस्तावित एलिवेटेड रोड सेक्टर-38 के सामने चिल्ला एलिवेटेड रोड से जुड़ेगा। यह यमुना पुश्ता से सेक्टर-94 में और नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से सेक्टर-95 में भी जुड़ेगा। उधर, एनएचएआई सेक्टर-94 से यमुना सिटी तक 50 किलोमीटर लंबे कालिंदीकुंज-नोएडा एयरपोर्ट एलिवेटेड एक्सप्रेसवे की डीपीआर तैयार कर रहा है। इस राष्ट्रीय राजमार्ग के बनने से दिल्ली के मयूर विहार से नोएडा एयरपोर्ट तक सीधी एलिवेटेड कनेक्टिविटी मिल जाएगी।

एलिवेटेड रोड की डीपीआर आईआईटी से तैयार करवाकर प्राधिकरण ने निर्माण एजेंसी के चयन के लिए टेंडर जारी किया है। यह परियोजना प्राधिकरण की प्राथमिकता में शामिल है। नए एलिवेटेड रोड के बनने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी और बेहतर होगी। -कृष्ण करुणेश, मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ), नोएडा प्राधिकरण

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें