आसान रहा कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट
- छात्रों ने कहा 12वीं के क्वेश्चन पेपर से भी रहा सरल
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) की पूर्व में रद्द हुई परीक्षा रविवार को दोबारा आयोजित की गई। परीक्षा विभिन्न केंद्रों पर शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। छात्रों ने बताया कि इस बार किसी प्रकार की तकनीकी समस्या सामने नहीं आई और परीक्षा निर्धारित समय पर शुरू हुई।
पूर्व में सीयूईटी की कुछ परीक्षाएं तकनीकी खामियों के कारण रद्द कर दी गई थीं। शहर के परीक्षा केंद्रों पर सर्वर और सिस्टम संबंधी समस्याओं के चलते समय पर परीक्षा शुरू नहीं हो सकी और कई अभ्यर्थी परीक्षा भी नहीं दे सके। इसके बाद परीक्षा दोबारा कराने का निर्णय लिया गया था और नई तिथि घोषित की गई थी।
रविवार को आयोजित पुनर्परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल हुए। छात्रों ने बताया कि केंद्रों पर व्यवस्थाएं बेहतर थीं और परीक्षा प्रक्रिया सुचारू रही। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी के भी पर्याप्त इंतजाम किए गए थे। सेक्टर- 62 स्थित आईओन परीक्षा केंद्र से बाहर निकल रहे छात्रों के चेहरों पर मुस्कान दिखी।
पेपर अच्छा आया था। मुझे 12 वीं के बोर्ड परीक्षा से भी सरल लगा। कोई तकनीकी दिक्कत भी नहीं हुई।
शौर्य जीत
पेपर बहुत सरल लगा। अब रिजल्ट का इंतजार है। शांतिपूर्ण तरीके से पेपर हुआ।
लोकेश