- त्योहारों की छुट्टियों के बाद फिर लौटेगी रौनक, 8 नवंबर तक छात्र-छात्राएं भर सकते हैं परीक्षा फॉर्म
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। जिले भर में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ से संबद्ध कॉलेजों में विषम सेमेस्टर परीक्षा 2025 की तैयारियां अब तेज हो चली हैं। त्योहारों की छुट्टियों के बाद सोमवार से कॉलेज दोबारा खुलेंगे, जिससे पढ़ाई और परीक्षा से जुड़ी गतिविधियां फिर से पटरी पर लौटने की उम्मीद है।
शहर के सेक्टर-39 स्थित राजकीय डिग्री कॉलेज में परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया 17 अक्टूबर से शुरू हुई है, जो 8 नवंबर तक चलेगी। कॉलेज प्रशासन के अनुसार बीए., बीएससी. और बीकॉम के लगभग 1200 छात्र-छात्राएं इस प्रक्रिया में हिस्सा लेंगे।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दिनेश चंद ने बताया, जिन छात्रों को परीक्षा फॉर्म भरते समय किसी भी प्रकार की समस्या हो, वे सीधे कॉलेज में संपर्क करें। छात्रों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क बनाई गई है। सभी कॉलेजों को विश्वविद्यालय प्रशासन ने सख्त निर्देश दिए हैं कि नवंबर के उत्तरार्द्ध में प्रस्तावित विषम सेमेस्टर परीक्षाओं से पहले पाठ्यक्रम पूरा कराया जाए। इसके लिए जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त कक्षाओं का आयोजन किया जाएगा। साथ ही विश्वविद्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि आंतरिक व प्रयोगात्मक परीक्षाएं मुख्य परीक्षा से पहले पूरी की जानी चाहिए, और जिन कॉलेजों द्वारा छात्रों के अंक समय पर अपलोड नहीं किए जाएंगे, उनके विद्यार्थियों को प्रवेश पत्र जारी नहीं किया जाएगा।