राहगीरों को पानी पिलाते गांव के युवा।
नूंह। जिले में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है। तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने से आमजन का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। ऐसे कठिन समय में शनिवार को भादस गांव के युवाओं ने मानवता और सेवा भाव की मिसाल पेश करते हुए राहगीरों के लिए ठंडे व मीठे पानी की व्यवस्था की।
गांव के मुख्य मार्ग पर लगाए गए इस सेवा शिविर में करीब दो घंटे तक लगातार लोगों को पानी पिलाया गया, जिसमें हजारों राहगीरों ने राहत महसूस की। तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच सड़क से गुजर रहे वाहन चालक, मजदूर, बुजुर्ग और अन्य राहगीर पानी पीकर काफी खुश नजर आए। युवाओं द्वारा किए गए इस प्रयास की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की। समाजसेवी इकबाल खान ने बताया कि जिले में हर वर्ष गर्मी के मौसम में अलग-अलग गांवों में इस प्रकार की सेवा की जाती है। उन्होंने कहा कि राहगीरों को पानी पिलाना केवल सामाजिक सेवा ही नहीं बल्कि एक पुरानी परंपरा और आस्था से भी जुड़ा हुआ कार्य है। संवाद