ट्रेड शो में अपने उत्पाद लेकर पहुंची गोरखपुर की लखपति दीदी कौशल्या देवी बोलीं
ग्रेटर नोएडा। गोरखपुर की लखपति दीदी कौशल्या देवी भी ट्रेड शो में अपने उत्पाद को प्रदर्शित कर रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उनके स्टॉल पर पहुंचे और उनसे बात की। कौशल्या का कहना है कि सीएम विजन से उसकी किस्मत चमकी है। अब प्रधानमंत्री से मिलने का मौका मिला। वह श्री बाबा गोरखनाथ कृपा एमपीओ से जुड़कर लखपति दीदी बन चुकी हैं। गोरखपुर मंडल की 31 हजार महिलाएं एमपीओ की शेयर होल्डर्स है। डेढ़ साल में टर्नओवर 115 करोड़ रुपये पहुंच चुका है।
उन्होंने बताया कि पीएम ने उसकी सफलता की कहानी सुनी और शाबासी दी। कौशल्या ने बताया कि पीएम ने कई महिलाओं से बात की। इनमें वह भी शामिल थीं। वह पशुपालन व दूध संग्रह कर रही है। एमपीओ ने नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड के सहयोग से करीब छह माह पहले उनके घर में गोबर गैस यूनिट भी लग चुकी हैं। यूनिट लगने के बाद से गैस सिलिंडर नहीं भरवाया है।
उन्होंने बताया कि संस्था से जुड़ी महिलाएं हर दिन 65 हजार लीटर दूध एकत्र करती हैं। अब तक 93 करोड़ रुपये का भुगतान महिलाओं को किया जा चुका है। 1841 महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी है। एमपीओ का कार्यक्षेत्र गोरखपुर के अलावा महराजगंज, देवरिया और कुशीनगर है। 500 से अधिक मिल्क पूलिंग पॉइंट्स है। अन्य महिलाएं हर माह घर बैठकर 7 से 8 हजार रुपये कमा रही है।