प्रवेश न मिलने पर कई व्यापारियों की पुलिस से हुई नोकझोक
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ट्रेड शो में देर से पहुंचने पर फिल्म निर्माता बोनी कपूर को अपने पुत्र अर्जुन के साथ पैदल ही गेट-1 के पास से जाना पड़ा। प्रवेश नहीं मिलने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं में तीखी नोकझोंक हुई। गेट-1 नंबर एक से सिर्फ वीआईवी, पुलिस, सुरक्षा अधिकारियों और उनके वाहनों को प्रवेश दिया गया। एक्सपो मार्ट के आसपास मुख्य सड़क पर नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों को चालान कर क्रेन से पार्किंग में पहुंचाया गया।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के दौरे के वक्त सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। सुबह से ही ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहा और एक्सपो मार्ट के आसपास पुलिस और प्रशासन सतर्क नजर आया। इस दौरान वीआईपी पास वालों को प्रवेश न मिलने से हंगामा भी हुआ। पुलिस अधिकारी पास धारकों को समझाने के दौरान बेबस नजर आए।
-
प्रवेश नहीं मिला तो फाड़ दिया पास
कई कारोबारी समय पर न पहुंच पाने के कारण बाहर ही रोक दिए गए। वीआईपी पास दिखाने पर भी पुलिस ने एंट्री से मना कर दिया। इससे नाराज कुछ कारोबारियों ने मौके पर ही अपने पास फाड़ दिए। लोगों ने प्रशासन और आयोजकों के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। गेट नंबर-4 के पास पुलिस-कारोबारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। उनके बीच एक घंटे तक बहस चली। इसका वीडियो भी सामने आया है। व्यापारियों का आरोप रहा है कि उनकी जगह सत्ताधारी दल के कार्यकर्ताओं और नेताओं को बैठा दिया गया।
हेलिकॉप्टर देखने को उमड़ी भीड़
सेना के विमान से पीएम और राजकीय हेलिकॉप्टर से पहुंचे सीएम को देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ी। सुरक्षा व्यवस्था इतनी सख्त रही कि कई लोग अंदर नहीं जा सके।