मुख्यमंत्री ने कहा - जल्द शुरू होगा काम, सड़क आउटर और इनर रिंग रोड को जोड़ेगी, जाम से मिलेगी निजात
शालीमार बाग में करोड़ो की लागत से सड़क, सीवर, गैस पाइपलाइन आदि विकास कार्यों की शुरुआत की
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मुनक नहर पर एलिवेटेड कॉरिडोर और रिवरफ्रंट बनाने की परियोजना को हरी झंडी दे दी। उन्होंने कहा कि परियोजना पूरी होने पर ये क्षेत्र दिल्ली के सबसे खूबसूरत इलाकों में शुमार होगा। शनिवार को मुख्यमंत्री ने शालीमार बाग में करोड़ों रुपये की लागत से नई सड़कें, सीवर लाइन, गैस पाइपलाइन और बच्चों के लिए खेल स्टेशन जैसे विकास कार्यों की शुरुआत की।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि मुनक नहर पर इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन से दिल्ली बॉर्डर तक एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। ये सड़क आउटर और इनर रिंग रोड को जोड़ेगी जिससे जाम से राहत मिलेगी। नहर के किनारे खूबसूरत रिवरफ्रंट बनेगा जो इस क्षेत्र को अधिक आकर्षक बनाएगा। वहीं, मुख्यमंत्री ने शालीमार विधानसभा क्षेत्र में पीतमपुरा के टीपी, वीपी, एलपी और एचडी ब्लॉकों में 60 लाख रुपये की लागत से नई सीवर लाइन की शुरुअता की। एसपी-1 से एसपी-65 तक 11 लाख रुपये की नई सड़क का उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि 91 लाख रुपये की लागत से एसपी-टीपी की गलियों के निर्माण की टेंडर प्रक्रिया चल रही है।
उन्होंने वीपी और एफपी ब्लॉकों में 54 लाख रुपये की लागत से इंद्रप्रस्थ गैस पाइपलाइन, जेपी व केपी ब्लॉकों में 35 लाख रुपये की आरएमसी सड़क और जेपी ब्लॉक में 6 लाख रुपये से बच्चों का खेल स्टेशन भी जनता को सौंपा। उन्होंने बताया कि जेपी, केपी, एमपी, एलपी ब्लॉकों में 1.35 करोड़ रुपये से सड़कें बन रही हैं। जेडी ब्लॉक में 2 लाख रुपये की हाई मास्क लाइट भी लगाई गई है।
विकास कार्यों का जायजा लिया
मुख्यमंत्री ने प्रेमबाड़ी पुल से सिंगलपुर गांव तक सड़क चौड़ीकरण का जायजा लिया और इसे जल्द पूरा करने को कहा। लाला जगत नारायण मार्ग पर एनएसपी से मधुबन चौक तक 40 लाख रुपये की लागत से यू-टर्न बनाने का काम भी शुरू किया। सीएम ने बताया कि क्षेत्र में 15 नए आरोग्य मंदिर खुलेंगे जो बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाएं देंगे। मैक्स अस्पताल के पास अधूरा भवन अब सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल बनेगा। हर ब्लॉक में नई जल और सीवर लाइनें बिछ रही हैं ताकि सड़क निर्माण से पहले बुनियादी समस्याएं हल हों।
दिल्ली के सबसे सुंदर इलाकों में होगा ये क्षेत्र
मुख्यमंत्री ने मुनक नहर से जुड़ी एलिवेटेड सड़क परियोजना की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि ये सड़क इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन से लेकर दिल्ली बॉर्डर तक बनेगी और आउटर व इनर रिंग रोड के बीच की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगी। इस रोड के बनने से ट्रैफिक की समस्या बहुत हद तक कम हो जाएगी। इस योजना में नहर के दोनों ओर सड़क और ऊपर एलिवेटेड रोड बनेगी।