-कहा, स्वस्थ दिल्ली, सशक्त दिल्ली थीम की मैराथन की ताकत बनेंगी महिलाएं
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। राष्ट्रीय खेल दिवस पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन के मेडल का अनावरण किया। ये दौड़ 12 अक्तूबर को होगी, जिसकी थीम स्वस्थ दिल्ली, सशक्त दिल्ली होगी। मुख्यमंत्री ने कहा, इस दौड़ की सबसे बड़ी ताकत महिलाएं रहेंगी। सरकार इस मैराथन का पूरा सहयोग करेगी।
इस मैराथन का मकसद लोगों में खेल भावना, फिटनेस, स्वास्थ्य के महत्व को जगाना है। मुख्यमंत्री ने कहा, ये हाफ मैराथन सिर्फ एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ, सशक्त और अनुशासित समाज के निर्माण की दिशा में एक बड़ा अभियान है। उनकी सरकार ये प्रयास करेगी कि मैराथन में इस बार महिलाओं की संख्या पुरुष से अधिक हो। प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि हर धावक का संकल्प और मेहनत समाज के लिए प्रेरणादायक है। ये मेडल केवल धावकों की जीत का प्रतीक नहीं है, बल्कि उनकी हिम्मत, लगन और प्रतिबद्धता का सम्मान है। हाफ मैराथन में दिल्ली के अलावा पूरे देश और दुनियाभर से हजारों लोग शामिल होंगे। सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में वेदांता से रितु झिंगोन मौजूद रहीं।