कालकाजी में पेड़ गिरने से मौत के बाद रेखा गुप्ता ने व्यक्त किया शोक
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मूसलाधार बारिश के दौरान कालकाजी में पेड़ गिरने से बाइक सवार पिता की मृत्यु व बेटी के घायल होने की घटना पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शोक व्यक्त किया है। साथ ही, उन्होंने सभी सड़क स्वामित्व वाले विभागों को खतरनाक और जर्जर पेड़ों की तत्काल पहचान करने का निर्देश दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मानसून में भारी बारिश और तेज हवा चलने के समय बड़े, असुरक्षित या कमजोर पेड़ लोगों की जान, संपत्ति व यातायात के लिए गंभीर खतरा बन जाते हैं। उन्होंने अधिकारियों को आदेश दिया कि ऐसे पेड़ों की नियमानुसार छंटाई, हटाने या प्रतिरोपण का काम तत्काल शुरू किया जाए। दिल्लीवासियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। यह हमारी जिम्मेदारी है कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। हर विभाग में जिम्मेदार अधिकारी नामित किए जाएं जो इस कार्य की निगरानी करेंगे और समय पर रिपोर्ट देंगे। जिन इलाकों में पैदल यात्रियों और वाहनों की आवाजाही ज्यादा है वहां पेड़ों की छंटाई को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि समय पर रखरखाव न केवल हादसों को रोकेगा बल्कि यातायात और बिजली जैसी आवश्यक सेवाओं को भी नुकसान से बचाएगा। सरकार ने सभी संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिया है कि 48 घंटे के भीतर अपने क्षेत्रों में खतरनाक पेड़ों की सूची तैयार कर कार्रवाई शुरू करें ताकि दिल्ली में बारिश के मौसम में सड़कें और लोग दोनों सुरक्षित रह सकें।