- करीब तीन घंटे जेवर में रहे मुख्यमंत्री, अधिकारियों के साथ एक घंटे की गोपनीय बैठक
- उद्घाटन समारोह से पहले परखे एयरपोर्ट के सुरक्षा इंतजाम
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। प्रधानमंत्री की जनसभा से पहले सीएम योगी आदित्यनाथ रविवार को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे। रविवार को मुख्यमंत्री लगभग 3 घंटे तक एयरपोर्ट परिसर में रहे। उन्होंने लोकार्पण की तैयारियों का जायजा लिया साथ ही पीएम की जनसभा के लिए तैयार किए गए पांडाल में सुरक्षा के इंतजाम देखे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सीधा अल्टीमेटम दिया है कि प्रधानमंत्री की जनसभा के दौरान किसी तरह की चूक बिल्कुल नहीं हो। अधिकारी खुद सुरक्षा इंतजाम संभालें। वहीं जनसभा में आने वाले आमजनों को बिल्कुल भी असुविधा नहीं होने के निर्देश दिए गए।
प्रधानमंत्री मोदी 28 मार्च को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम की तैयारियां एक सप्ताह से जारी हैं। जिसे परखने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को जेवर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर दोपहर करीब 2:15 बजे हेलीपैड पर उतरा। सीएम ने सबसे पहले एयरपोर्ट के अंदर पैसेंजर टर्मिनल, कार्गो टर्मिनल और एयरपोर्ट की अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने रैली स्थल, पार्किंग व्यवस्था, कार्यक्रम स्थल तक आने वाले विभिन्न मार्गों, हेलीपैड सहित सभी प्रमुख स्थलों पर की तैयारियों की जानकारी ली और अधिकारियों को दिशानिर्देश दिए। शाम करीब 5 बजे मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से रवाना हो गए।
प्रशासन ने मुख्यमंत्री के सामने दी प्रजेंटेशन
लोकार्पण समारोह में प्रधानमंत्री के मंच, सुरक्षा घेरे, आमजनों के बैठने के स्थान, वीवीआईपी और वीआईपी गैलरी, पुलिस की सुरक्षा घेरे समेत अन्य तैयारियों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी गई। पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन के जरिए डीएम मेधा रूपम ने मुख्यमंत्री के सामने सारी तैयारियों का खाका प्रस्तुत किया। सीएम को बताया गया कि चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात रहेगी।
अधिकारियों के साथ की बैठक
प्रजेंटेशन देखने के बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ गोपनीय बैठक की। इसमें अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव अमित सिंह, मंडलायुक्त मेरठ मंडल भानु चंद्र गोस्वामी, यीडा के सीईओ राकेश कुमार सिंह, पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह, जिलाधिकारी मेधा रूपम, विशेष सचिव मुख्यमंत्री ईशान प्रताप सिंह, नोएडा एयरपोर्ट के नोडल अफसर शैलेन्द्र भाटिया समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
पार्किंग में भी रहेंगी मोबाइल शौचालय और पेयजल की सुविधा
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश के सभी मार्गों की जानकारी ली। इसके साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने जनसभा में पेयजल सुविधा के साथ ही पार्किंग में भी पीने के पानी की सुविधा और मोबाइल शौचालय वैन की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए हैं।
पीएम के निरीक्षण वाले स्थानों पर रहेगी विशेष चौकसी
प्रधानमंत्री एयरपोर्ट के अंदर जिस-जिस स्थान का निरीक्षण करेंगे, वहां पर विशेष चौकसी बरती जाएगी। पीएम के आसपास किसी को भी जाने की अनुमति नहीं होगी। सुरक्षा अधिकारियों के पास उपलब्ध सूची में जिन जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों का नाम होगा, वहीं प्रधानमंत्री के नजदीक जा सकेंगे। मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान जिले के प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह, सांसद डाॅ. महेश शर्मा, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, दादरी विधायक तेजपाल नागर, एमएलसी श्रीचंद शर्मा, क्षेत्रीय अध्यक्ष भाजपा सतेंद्र सिसोदिया, जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, नरेंद्र भाटी समेत विभिन्न जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।