नूंह। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रविवार को चंडीगढ़ में हरियाणा निवास से प्रदेश की 1411 करोड़ रुपये की लागत वाली 163 परियोजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास किए। इनमें नूंह जिले की लगभग 17 करोड़ रुपये लागत की 10 विकास परियोजनाएं शामिल हैं। प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का चंडीगढ़ से सीधा प्रसारण किया गया। जिला सचिवालय के मीटिंग हॉल में हुए कार्यक्रम में उपायुक्त धीरेंद्र खड़गटा मुख्य अतिथि रहे।
प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में मनोहर लाल ने लोगों से कोविड-19 से बचाव के लिए सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि कोविड काल के दौरान अक्तूबर 2020 में भी उन्होंने 1850 करोड़ रुपये की 306 परियोजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास किए थे। सरकार ने विकास में कहीं कोई कमी नहीं छोड़ी है। जनता व जनप्रतिनिधियों की मांग के अनुसार हर क्षेत्र में विकास हुआ है। आज प्रदेश के हर 15 किलोमीटर पर कॉलेज है। प्रदेश सरकार ने जिला मुख्यालयों पर स्थित 100 बेड के अस्पताल को 200 बेड का करने का निर्णय लिया है। नए बजट में इसका प्रावधान है। हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज बनाने की भी योजना पर काम चल रहा है।
जिला स्तरीय समारोह में उपायुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल को धन्यवाद दिया। जिले के खंड नूंह में बनाए गए 222.08 लाख लागत वाले बाल भवन, फिरोजपुर-झिरका में 233.96 लाख से बाल भवन, 212.12 लाख लागत से पुन्हाना में बाल भवन परियोजना का उद्घाटन किया। आयुष विभाग द्वारा 30 लाख लागत से आयुष विंग सेंटर, स्वास्थ्य विभाग की 207.27 लाख से बनी बाई पीएचसी, 67.58 लाख लागत से राजकीय हाईस्कूल टपकन का उद्घाटन किया गया।
साथ ही, 45.18 लाख लागत से 09 अतिरिक्त क्लास रूम सीनियर सेकेंडरी स्कूल मेवली कलां, 50 लाख लागत से राजकीय हाई स्कूल मांडीखेड़ा में 8 अतिरिक्त क्लास रूम, एमएसडीपी द्वारा 113.884 लाख लागत से ब्लॉक तावडू में विभिन्न स्कूलों में 36 एकड़ में राजकीय प्राथमिक स्कूल जीपीएस, 8 एकड़ में राजकीय मिडिल स्कूल चीला 3 जीपीएस, धुलावट 4 राजकीय प्राथमिक स्कूल, 3 मोहम्मदपुर अहीर, 2 मस्ती ब्रांच जीपीएस चीलावली और 20 पूरे हुए काम का उद्घाटन हुआ। एमएसडीपी द्वारा 462.49 करोड़ लागत से 79 एसीआर निर्माण कार्य खंड पुन्हाना, बीसरु, बादली, रहपुआ लुहिंगा कलां की सभी विकास परियोजनाओं का पूरा होने के उपरांत उद्घाटन किया।
कई अन्य परियोजनाओं पर काम जल्द
उपायुक्त ने बताया कि जिले के गांव उजीना में जिला सैनिक बोर्ड, रैनीवेल की परियोजना, मरोड़ा गांव में कृषि विज्ञान केंद्र, 100 आंगनवाड़ी, ऊटंका गांव में स्टेडियम, हर विधानसभा में एक-एक ट्रासंपोर्ट नगर बसाने की योजना है। जिला में विश्वविद्यालय बनाने पर जल्द ही काम शुरू होगा। इस दौरान पूर्व विधायक नूंह जाकिर हुसैन, पूर्व विधायक फिरोजपुर-झिरका नसीम अहमद, गोसेवा आयोग के पूर्व चेयरमैन भानीराम मंगला, हज कमेटी के पूर्व चेयरमैन औरंगजेब, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र पटेल, पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र आर्य ने भी विचार रखे।
फोटो
परियोजनाओं का उद्घाटन करते उपायुक्त धीरेंद्र खड़गटा।