रेखा गुप्ता ने कहा - दिल्ली सरकार के पास फंड की कोई कमी आड़े नहीं आएगी
ई-ऑफिस को 100 फीसदी लागू करने और स्वच्छ दिल्ली अभियान से जुड़ने के निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सभी विभागों के प्रमुखों को विकास कार्य समय पर पूरे करने के आदेश दिए हैं। बुधवार को मुख्यमंत्री ने सचिवालय में मुख्य सचिव व सभी विभागों के प्रमुखों के साथ विशेष बैठक में कहा कि किसी भी प्रोजेक्ट में देरी न हो। इसके लिए सभी अधिकारी विकास कार्यों की लगातार निगरानी करें। विकसित दिल्ली के लिए सरकार के पास फंड की कोई कमी आड़े नहीं आएगी क्योंकि पर्याप्त बजट है। साथ ही, केंद्र सरकार भी हरसंभव मदद कर रही है।
मुख्यमंत्री ने विकास प्रमुखों को ई-ऑफिस प्रणाली को और प्रभावी बनाने और इसका प्रयोग शत प्रतिशत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास का कोई भी कार्य किसी भी सूरत में बाधित नहीं होना चाहिए। बैठक में राजधानी में चल रहीं विकास परियोजनाओं, जनसेवा से कार्यों और प्रशासनिक सुधारों की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित दिल्ली बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्र सरकार भरपूर मदद कर रहे हैं इसलिए बजट की कोई समस्या नहीं है। मुख्यमंत्री ने डिजिटल गवर्नेंस की सफलता पर संतोष जताया और इसे बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह ई-ऑफिस प्रणाली पर काम करने को कहा। उन्होंने कहा कि अभी तक 199 में से 119 विभाग इस व्यवस्था से जुड़े हैं लेकिन यह पर्याप्त नहीं है। बाकी विभाग भी तुरंत ई-ऑफिस प्रणाली में शामिल हों।
सफाई अभियान में सभी सक्रिय रूप से शामिल हों
मुख्यमंत्री ने साफ किया कि दिल्ली को कूड़े से आजादी अभियान में सभी विभाग सक्रिय रूप से शामिल हों। पीजीएमएस पोर्टल से मिलने वाली जनता की शिकायतों का समाधान अनिवार्य करें। केंद्र व दिल्ली सरकार के प्रतिनिधियों, मंत्रियों व विधायकों के काम का निपटारा पहले होना चाहिए। इनके काम जनता के हित से जुड़े होते हैं। सभी विभाग प्रमुख अपने कार्यालय परिसर को नया करें ताकि वहां काम का माहौल दिखे। जनता को भी परेशानी का सामना न करना पड़े।