तावड़ू। नगर की नई अनाज मंडी स्थित एक आढ़ती की दुकान में गुप्तचर विभाग द्वारा बुधवार छापा मारा गया। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्र में बांटे जाने वाले गेहूं के 34 कट्टे बरामद किए गए। मामले में खाद्य आपूर्ति विभाग के निरीक्षक की शिकायत पर पुलिस ने आढ़ती और पिकअप चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
विभाग के उप निरीक्षक उमर मोहम्मद ने बताया कि जिले की सीआईडी को सूचना मिली कि मोहम्मदपुर अहीर गांव से नई अनाज मंडी स्थित एक आढ़ती की दुकान में गेहूं लाया गया है। सूचना मिलने पर टीम वहां पहुंची। मौके पर गाड़ी से गेहूं के कट्टे उतारे जा रहे थे, टीम को देखकर पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। पूछताछ करने पर आढ़ती कृष्णलाल ने बताया कि कीड़े लगने के कारण मोहम्मदपुर अहीर में स्थित अपने घर से गेहूं को लाया गया है।
वहीं मामले के जांच अधिकारी सब इंसपेक्टर कल्लू खांन ने बताया कि बुधवार देर शाम चालक और आढ़ती मालिक कृष्ण लाल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। जांच जारी है, गाड़ी को कब्जे में ले लिया है।