फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोना वायरसः चीनी प्रतिनिधिमंडल ने रद्द की ऑटो एक्सपो की यात्रा

Mon, 03 Feb 2020 01:21 AM IST
नोएडा ब्यूरो ब्यूरो, अमर उजाला, ग्रेटर नोएडा
विज्ञापन
ऑटो एक्सपो की शुरू हुई तैयारी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

कोरोना वायरस के कारण ऑटो एक्सपो में आने वाली कई चीन की कंपनियों के प्रतिनिधि मंडलों ने अपनी यात्रा रद्द कर दी है। वहीं, चीन समेत कई भारतीय विमान कंपनियों ने एक से 20 फरवरी तक के लिए तमाम फ्लाइट्स भी रद्द कर दीं हैं।

विज्ञापन


ऑटो एक्सपो में लगभग 20 फीसदी पवेलियन चीन की कंपनियों ने बुक कराएं हैं। ऐसे में चीन की ऑटो कंपनियों के बहुत से प्रतिनिधि एक्सपो में शामिल नहीं हो पाएंगे। एक प्रतिनिधि ने बताया कि ऑटो एक्सपो के लिए तीन महीने पहले से टिकट बुक थी, लेकिन वायरस के कारण फ्लाइट रद्द हो गई।

हालांकि, सभी कंपनी ऑटो एक्सपो से अपनी भागीदारी वापस नहीं ले रही हैं। खास बात यह है कि बड़ी संख्या में इन कंपनियों के कर्मी एक माह पहले से ही पवेलियन और व्यवस्था बनाने के लिए पहुंच चुके हैं।
विज्ञापन


वहीं, यूरोप, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और अफ्रीका जैसे देशों में मौजूद कर्मियों और अधिकारियों को ग्रेटर नोएडा भेजा गया है। डिप्टी डायरेक्टर जनरल सियाम सुगातो सेन का कहना है कि भारत सरकार और सियाम ने प्रत्येक स्तर पर सावधानी बरती है।

एक्सपो को सफल बनाने की तैयारियां चल रही हैं। सभी एजेंसियां सजग हैं। कोरोना वायरस का भय ऑटो एक्सपो में व्याप्त है। सुरक्षाकर्मियों को उनकी एजेंसियों ने हिदायत दी है कि चीन के नागरिकों से दूर रहकर बात की जाए।

वहीं, ड्यूटी करते समय मास्क पहनने का विशेष तौर पर ध्यान रखें। ऑटो एक्सपो में काफी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात होने हैं। अभी से सभी सुरक्षाकर्मियों को मास्क पहनने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अगर किसी कर्मचारी में बुखार या अन्य लक्षण दिखाई देते हैं तो तत्काल सूचित किया जाए।

चीन के साथ नेपाल भी संवेदनशील सूची में शामिल

कोरोना वायरस से कराह रहे चीन के बाद नेपाल भी भारत की संवेदनशील सूची में आ गया है। शासन ने सीएमओ गौतमबुद्ध नगर डॉ. अनुराग भार्गव को चीन के साथ नेपाल से आने वाले लोगों को भी 28 दिनों तक सर्विलांस पर रखने के निर्देश दिए हैं।

नेपाल सीमा से सटे भारतीय सूबे यूपी के अलावा उत्तराखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के विभिन्न जिलों से आने वाले लोगों की भी निगरानी की जाएगी। सीएमओ ने अधीनस्थ अफसरों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। अभी तक चीन से आने वाले लोगों के लिए स्वास्थ्य विभाग ने निर्देश जारी किए हैं।

सीएमओ ने भी विभिन्न विभाग, अधीनस्थ, उद्यमियों और आमजन के लिए लिखा था कि यदि कोई चीन से आता है तो तत्काल उसकी जानकारी विभाग को दें। अब शासन ने नेपाल को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए हैं।

नेपाल और उसकी सीमा से जुड़े क्षेत्रों से कोई आता है तो उसे संवेदनशील मानते हुए सघनता से उसकी जांच की जाए। ऐसे में जिले के उद्यमी, नौकरी पेशा, व्यापारी, आमजन समेत सभी को सर्विलांस पर रखा जाएगा।
विज्ञापन

अन्य पड़ोसी देशों के लिए दिशा-निर्देश नहीं

चीन और नेपाल के अलावा भारत की अंतरराष्ट्रीय सीमा बांग्लादेश, पाकिस्तान और भूटान से भी जुड़ी है। लेकिन, इन तीनों देशों के नागरिकों को लेकर कोई दिशा-निर्देश जारी नहीं किए गए हैं। हालांकि, भारत-पाक में अनबन होने के चलते वहां से यात्रियों के आने की संभावना बहुत कम है। भारत ने बांग्लादेश और भूटान में कोरोना वायरस को लेकर फिक्र नहीं जताई है।

अतिसंवेदनशील है एनसीआर का क्षेत्र
दिल्ली समेत देश के अन्य एयरपोर्ट पर कोरोना वायरस से पीड़ित मरीजों की स्क्रीनिंग के लिए थर्मल स्कैनर लगा दिए गए हैं। इससे गुजरते ही व्यक्ति का शारीरिक तापमान उच्च या सामान्य होने की जानकारी मिल जाएगी। उच्च तापमान वाले व्यक्ति को तत्काल स्क्रीनिंग पर लिया जाएगा। शासन ने विभिन्न गतिविधियों के मद्देनजर एनसीआर को अति संवेदनशील माना है। इनमें नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद आदि शामिल हैं। आए दिन बड़े कार्यक्रमों के आयोजन के चलते विदेशियों की आवाजाही अधिक रहती है, इसलिए भी यह क्षेत्र अहम हैं।

चीन के बाद अब नेपाल से आए लोगों की सघन स्वास्थ्य जांच के लिए शासन ने निर्देश दिए हैं। नेपाल और उसकी सीमा से सटे लोग जिले में प्रवेश करते हैं तो उन्हें सर्विलांस पर लिया जाएगा। अधीनस्थों को निर्देश जारी कर दिए हैं।- डॉ. अनुराग भार्गव, सीएमओ, गौतमबुद्ध नगर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें