दिल्ली पुलिस आयुक्त अमूल्य पटनायक ने कहा है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान भड़काऊ भाषणों पर पुलिस पैनी नजर रखे हुए है। वहीं चुनाव आयोग ने भी कई मामलों को गहनता से संज्ञान में लिया है।
दिल्ली पुलिस उपायुक्त ने दिल्ली वासियों को भरोसा दिलाया है कि चुनावी माहौल में किसी प्रकार के असुरक्षित स्थानों को चिन्हित कर वहां उचित सुरक्षा इंतजाम किये गए हैं। चुनाव के दौरान किसी प्रकार की बाधा से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह से तैयार है।
पहली बार पुलिस कमिश्नर ने शाहीन बाग में सीएए के खिलाफ सड़क पर बैठे प्रदर्शनकारियों के विषय में भी कुछ कहा है। उन्होंने अपील के लहजे में कहा है कि शाहीन बाग के प्रदर्शन में ज्यादातर महिलाएं और बच्चे शामिल हैं, इसलिए दिल्ली पुलिस उनसे लगातार बेहतर तरीके से संवाद स्थापित करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस उपायुक्त ने उम्मीद जताई है कि धीरे-धीरे शाहीन बाग में सड़कों पर बैठे लोगों को इस बात का एहसास जरूर हो जाएगा, कि उनके सड़क घेर कर बैठने से लोगों को किस प्रकार की असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
सोमवार को कड़कड़डूमा के सी. बी. डी. ग्राउंड में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रैली आयोजित होने जा रही है, रविवार को रैली स्थल का मुआयना करने पहुंचे अमूल्य पटनायक ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह बातें कहीं हैं।