ईएसआईसी अस्पताल में भर्ती बच्चे की मां से छेड़छाड़
नर्सिंग स्टाफ पर लगा आरोप, दवाई दिलाने के बहाने पांचवे तल पर ले जाकर की छेड़छाड़
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-24 ईएसआईसी अस्पताल में भर्ती बच्चे की मां से छेड़छाड़ और अश्लील हरकत किए जाने की घटना सामने आई है। आरोप नर्सिंग कर्मचारी पर लगा है। शिकायत पर पुलिस ने सेक्टर-24 थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आरोप है कि दवाई के बहाने पांचवे तल पर महिला को बुलाकर छेड़छाड़ की गई और विरोध करने पर इलाज में व्यवधान डालने की धमकी देने का आरोप लगाया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक, यह केस दिल्ली के न्यू अशोक नगर निवासी महिला की शिकायत पर दर्ज किया गया। महिला ने शिकायत में बताया है कि बेटे का नोएडा सेक्टर-24 ईएसआईसी अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहां पर नरेंद्र नाम का नर्सिंग स्टाफ तैनात है। महिला के मुताबिक बेटे के पेट में दर्द हुआ तो नरेंद्र को बताया। आरोप है कि नरेंद्र दवाई दिलाने के बहाने महिला को पांचवे तल पर ले गया। वहां पर छेड़छाड़ की और अश्लील हरकत करने का प्रयास किया। पीड़िता किसी तरह आरोपित के चंगुल से छूटकर वार्ड में बच्चे के पास पहुंची। थाना प्रभारी सेक्टर-24 सुबोध कुमार ने बताया कि शिकायत पर नर्सिंग कर्मचारी के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार किया गया।