ग्रेटर नोएडा(संवाद)। जिला क्रीड़ा भारती की ओर से मंगलवार को ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में जिला स्तरीय स्केटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिलेभर से 21 स्कूलों से करीब 250 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इसमें खिलाड़ियों ने बालक व बालिका वर्ग में अंडर-6, 8, 10, 12, 14, 16, 19 वर्ग में शानदार प्रदर्शन किया।
मीडिया प्रभारी शिवालक राज ने बताया कि जिले की उभरती प्रतिभाओं को निखारने के लिए मंगलवार को जिला क्रीड़ा भारती की ओर से ग्रेटर नोएडा के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में जिला स्तरीय स्केटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बालक व बालिका वर्ग में अलग अलग कैटेगरी में प्रिशा सोना, दुशांत, अद्रिका, ध्रुव, शानवी उपाध्याय, रुद्रांश राज, प्रगति, सिद्धार्थ, शाश्वत उपाध्याय, अंश राज, मुदित प्रताप सिंह, सारा सिंह ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि क्रीड़ा भारती मेरठ प्रांत के उपाध्यक्ष पुष्कर सिंह ने किया। अध्यक्ष युगल किशोर शर्मा, उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार, मंत्री रजनीश कुमार ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।