सपने देखने के लिए न तो महंगे स्कूल की जरूरत होती है और न ही सुविधाओं से लैस कक्षाओं की। जरूरत होती है तो बस कुछ कर गुजरने के जज्बे और मजबूत हौसलों की। परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले तमाम बच्चे इसका उदाहरण हैं। कहीं टूटी बेंच पर बैठकर पढ़ाई हो रही है तो कहीं संसाधनों की कमी बच्चों के रास्ते में चुनौती बनी हुई है। किसी के पैरों में जूते नहीं हैं तो किसी के पास पढ़ाई के लिए जरूरी सुविधाएं नहीं हैं। इसके बावजूद इन बच्चों की आंखों में सुनहरे भविष्य के सपने पल रहे हैं। कोई डॉक्टर बनकर लोगों का इलाज करना चाहता है तो कोई पुलिस अधिकारी बनकर देश की सेवा करना चाहता है। कोई शिक्षक बनने की चाह रखता है तो किसी का सपना खेल की दुनिया में नाम रोशन करना है। बाल दिवस के मौके पर इन बच्चों की प्रतिभा, संघर्ष और बुलंद हौसलों की कहानी यह बताती है कि प्रतिभा किसी सुविधा की मोहताज नहीं होती।
माता-पिता का साया उठा, फिर भी भाई-बहनों का सहारा बना हिमांशु
उच्च प्राथमिक विद्यालय झट्टा में कक्षा सात में पढ़ने वाला हिमांशु उन बच्चों में शामिल है, जिनका संघर्ष उनकी उम्र से कहीं बड़ा है। हिमांशु के सिर से माता-पिता दोनों का साया उठ चुका है। उसकी मां और पिता अब इस दुनिया में नहीं हैं। इतनी कम उम्र में माता-पिता को खोने का दर्द सहने के बावजूद हिमांशु ने हिम्मत नहीं हारी। वह न केवल अपनी पढ़ाई जारी रखे हुए है, बल्कि अपने भाई-बहनों के लिए भी संबल बना हुआ है। विपरीत परिस्थितियों ने हिमांशु को उम्र से पहले ही परिपक्व बना दिया है। जिस धैर्य, समझदारी और जिम्मेदारी के साथ वह परिवार की जिम्मेदारियां निभा रहा है, वह उसकी मजबूत इच्छाशक्ति और अदम्य साहस को दर्शाता है। हिमांशु अफसर बन देश की सेवा करना चाहता है।
पिता फैक्टरी में करते हैं गार्ड की नौकरी, बेटा प्रतियोगिताओं में हासिल कर रहा मुकाम
पिता फैक्टरी में गार्ड की नौकरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं और मां घर की जिम्मेदारियां संभालती हैं। सीमित आमदनी और साधारण पारिवारिक परिवेश के बीच पला-बढ़ा आर्यन सिंह अपनी प्रतिभा के दम पर अलग पहचान बना रहा है। कंपोजिट स्कूल डाढ़ा के सातवीं के छात्र
आर्यन ने विज्ञान प्रतियोगिता में ब्लॉक स्तर पर चौथा स्थान प्राप्त किया है, जबकि मैथ्स ओलंपियाड में टॉप-10 में जगह बनाई। इतना ही नहीं, निबंध और कला प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय दिया है। एक पिता दिनभर फैक्टरी में सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाकर बेटे के भविष्य को संवारने में जुटे हैं, वहीं बेटा अपनी उपलब्धियों से उनके संघर्ष को सम्मान दे रहा है। आर्यन ने बताया कि वह डॉक्टर बनना चाहता है।
स्मार्ट ड्रेनेज प्रोजेक्ट से राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पाया तीसरा स्थान
दादरी के चिटहेरा स्थित पीएमश्री स्कूल के कक्षा आठ के छात्र दिव्यांशु ने अपनी मेहनत और नवाचार की सोच से इसे साबित किया है। कैपजेमिनी टिंकर कोडिंग कार्यक्रम के यंग इनोवेटर्स शोकेस में दिव्यांशु ने स्मार्ट ड्रेनेज सिस्टम प्रोजेक्ट प्रस्तुत कर राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान हासिल किया। मुंबई में आयोजित फाइनल में छह राज्यों के चयनित विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। प्रधानाचार्या रजनी शर्मा ने बताया कि दिव्यांशु नियमित रूप से स्कूल आता है और पढ़ाई के साथ हर गतिविधि में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेता है। उसकी सफलता से विद्यालय परिवार गौरवान्वित है। दिव्यांशु के माता पिता मजदूरी करके बेटे के हर अरमान को पूरा कर रहे हैं। बेटा भी उनके सपने को पूरा करने में जुटा हुआ है।