नूंह। जिला प्रशासन, एमएमटीसी पंप और श्री चैतन्य संस्थान की ओर से जिले के सरकारी और मेवात मॉडल स्कूलों में विज्ञान संकाय (मेडिकल एवं नॉन मेडिकल) के विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग एवं मेडिकल जैसी प्रवेश परीक्षाओं के लिए फ्री ऑनलाइन कोचिंग दी जाएगी। इसके लिए उन्हें प्रवेश परीक्षा पास करनी होगी, जिसके लिए पंजीकरण 31 मार्च तक कराना होगा।
उपायुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने कहा कि इस प्रोजेक्ट से विद्यार्थियों को काफी मदद मिलेगी। जिला शिक्षा अधिकारी सुरेश गोरिया ने बताया कि कक्षा 10 के जो विद्यार्थी सत्र 2021-22 में विज्ञान संकाय लेना चाहते हैं या इस सत्र में कक्षा 11 और 12वीं में पढ़ रहे हैं, इस कोर्स के लिए पात्र होंगे। 25 सप्ताह का यह कोर्स पूरी तरह ऑनलाइन होगा। इसका पाठ्यक्रम सीबीएसई और हरियाणा बोर्ड पर आधारित होगा। साथ ही प्रतियोगी पाठ्यक्रम भी शामिल किया जाएगा। इसके लिए छात्रों को ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा। आवेदन 31 मार्च को शाम 5 बजे तक होंगे। स्क्रीनिंग परीक्षा 3 अप्रैल 2021 को है। इसका आयोजन हिंदू वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में सुबह 11 बजे से होगा। इसमें कामयाब होने वाले विद्यार्थियों को ही प्रवेश मिलेगा।