- ओ-लेवल और सीसीसी कोर्स के लिए आवेदन शुरू, जुलाई तक होंगे पंजीकरण
- अधिक आवेदन वाले क्षेत्रों में खोले जाएंगे प्रशिक्षण केंद्र
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर में अन्य पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क ओ-लेवल और सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण देने की योजना फिर से शुरू होने जा रही है। इसके लिए पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग प्रशिक्षण संस्थानों के चयन की प्रक्रिया में जुटा है। विभाग ने मान्यता प्राप्त संस्थानों से आवेदन मांगे हैं, जबकि प्रशिक्षण लेने के इच्छुक विद्यार्थियों से भी जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन लिए जा रहे हैं। संस्थान का चयन होते ही प्रशिक्षण शुरू करा दिया जाएगा। दो वर्ष पहले इस योजना के तहत नोएडा के एक संस्थान का चयन किया गया था, लेकिन केंद्र केवल नोएडा में होने के कारण दादरी, ग्रेटर नोएडा और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को आने-जाने में कठिनाई और अधिक खर्च का सामना करना पड़ा। कम संख्या में विद्यार्थियों के पहुंचने के कारण योजना प्रभावी रूप से संचालित नहीं हो सकी और पिछले दो वर्षों से इसका लाभ किसी को नहीं मिल पाया। अब शासन के निर्देश पर विभाग ने योजना को दोबारा लागू करने की तैयारी शुरू कर दी है। इस बार नोएडा के साथ दादरी, ग्रेटर नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में भी प्रशिक्षण संस्थान तलाशे जा रहे हैं, ताकि विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र के नजदीक ही प्रशिक्षण मिल सके। विभाग का प्रयास है कि अधिक से अधिक छात्र-छात्राएं इस योजना का लाभ उठा सकें।
कोट-
जिस क्षेत्र से अधिक आवेदन प्राप्त होंगे, वहां प्रशिक्षण केंद्र संचालित करने को प्राथमिकता दी जाएगी। पात्रता पूरी करने वाले सभी आवेदकों को नि:शुल्क प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। संस्थान चयन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और इसके पूरा होते ही प्रशिक्षण शुरू कर दिया जाएगा।
- लवेश सिसौदिया, जिला पिछडा वर्ग कल्याण अधिकारी, गौतमबुद्धनगर