क्षेत्र के गांव जिरोली डोर के समीप शनिवार शाम राह चलते एक व्यक्ति से बच्चों के राम राम करने पर गाली देने पर मारपीट होने के साथ ईंट-पत्थर फिंक गए, जिसमें दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया है।
बिहार के भागलपुर के रहने वाले एक व्यक्ति गांव भगवानपुर में बच्चों को पढ़ाते हैं, इसके बाद वह गांव जिरोली डोर में पढ़ाने जाते हैं। शनिवार शाम करीब चार बजे वह जिरोली डोर में बच्चों को पढ़ाने के लिए जा रहे थे, तभी गांव बुलाकगढ़ी के समीप कुछ बच्चों ने उनसे राम राम किया। आरोप है कि इस पर उक्त व्यक्ति बच्चों से गाली-गलौच करने लगा। वहीं से गुजर रहे बच्चों के परिवार के एक युवक ने इसका विरोध किया तो आपस में विवाद बढ़ गया, इसी बीच युवक ने उक्त व्यक्ति के सिर में ईंट से प्रहार कर दिया, इसके बाद उक्त व्यक्ति ने भी युवक से ईंट छीनकर और पत्थर उठाकर मार दिए, जिससे दोनों घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए सीएचसी नहरा में भर्ती कराया है। सीओ गभाना संजीव तोमर ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर आने के बाद जांचकर कार्रवाई की जाएगी।