- चिपियाना बुजुर्ग गांव में तालाब में डूबने के कारण मासूम की मौत का मामला
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। चिपियाना बुजुर्ग गांव में तालाब में डूबने के कारण पांच साल के मासूम की मौत के मामले में परिजन ने बिसरख कोतवाली पुलिस से कोई शिकायत नहीं की है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करा परिजन को सौंपा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पता चला है कि डूबने के कारण बच्चे की मौत हुई है। वहीं पोस्टमॉर्टम के बाद परिजन ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। परिजन ने इस मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं दी है। वहीं स्थानीय निवासियों ने तालाब के आसपास सुरक्षा के इंतजाम किए जाने की मांग की है।
चिपियाना बुजुर्ग गांव में छह दिन से लापता पांच वर्षीय मासूम का शव सोमवार सुबह भैरव बाबा के मंदिर (कुत्ते वाले मंदिर) के पास स्थित तालाब में उतराता मिला था। पुलिस ने हाइड्रा क्रेन की मदद से शव को बाहर निकलवाया था। मृतक की पहचान ईशु (5) पुत्र इंद्रपाल के रूप में हुई थी। मासूम के चेहरे के ऊपरी हिस्सा कटा मिला था। आशंका जताई गई थी कि इसे तालाब में स्थित मछलियों और अन्य जल जीवों ने खा लिया था। शव निकाले जाने के बाद बच्चे की मां ने उसके कपड़े के आधार पर शव की पहचान की थी। वहीं स्थानीय निवासियों का आरोप है कि हादसे का बाद प्रशासन और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओर से कोई सबक नहीं लिया गया है। खुले हुए तालाब के पास बैरिकेडिंग की व्यवस्था नहीं की गई है।