मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले के अफसरों के साथ की तैयारियों पर समीक्षा बैठक
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार देर शाम जिले के अफसरों के साथ यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2025 की ऑनलाइन समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ट्रेड शो का उद्घाटन कर सकते हैं। सभी तैयारी उसी हिसाब से होनी चाहिए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीएम ने विदेशी खरीदारों के लिए भी विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए।
बैठक के बाद जिलाधिकारी ने भी अफसरों को निर्देश पर तत्काल काम करने को कहा। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर के बीच यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के तीसरे संस्करण का आयोजन होगा। इसके लिए जिला प्रशासन और प्राधिकरण तैयारियों में जुटा है। सन स्तर से भी लगातार तैयारियों का जायजा लिया जा रहा है। इसी के तहत सोमवार देर शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले के अफसरों के साथ बैठक की।
ऑनलाइन बैठक में प्रशासन, पुलिस, इंडिया एक्सपो मार्ट लिमिटेड (आईईएमएल) और फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशन्स (फियो) के वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे। फियो के पदाधिकारियों ने बताया कि सीएम ने कहा है कि प्रधानमंत्री उद्घाटन करेंगे। हालांकि अभी आधिकारिक तौर पर इसका कार्यक्रम नहीं आया है। ऐसे में आयोजन को लेकर किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाए। प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए प्रदर्शकों, विदेशी खरीदारों और मेहमानों को अच्छी सुविधा दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि सभी विभाग समन्वय से काम करें। बुनियादी ढांचे, सुरक्षा, लॉजिस्टिक्स और सुविधाजनक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए है। प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में अंतरराष्ट्रीय खरीदार शामिल होंगे। वैश्विक व्यापार और निवेश को और मजबूत किया जाएगा। एमएसएमई उद्योगों की भी अहम भूमिका होगी। सीएम के निर्देश के बाद अधिकारी तैयारियों में जुटे हुए हैं।